Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव के निधन के बाद पत्नी अपर्णा यादव ने किया पहला पोस्ट, क्या लिखा; जानें
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ में होगा। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की है। अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा।
विस्तार
अपर्णा यादव ने अपने पोस्ट में परिवार के लिए इस समय को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने सभी से अंतिम संस्कार में गरिमामयी उपस्थिति की प्रार्थना की है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह दूसरा बड़ा दुखद समाचार है। राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। कई बड़े नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
प्रतीक यादव दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे। उनकी मां साधना गुप्ता थीं। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। हालांकि, उनका परिवार राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली है। उनके बड़े भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
लखनऊ के बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परिवार के सदस्य और करीबी लोग वहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। यह एक भावुक क्षण होगा जब प्रतीक यादव को अंतिम विदाई दी जाएगी।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया था। वह विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास के किचन में सुबह करीब चार बजे अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद प्रतीक के नौकर ने सिविल अस्पताल में फोन किया। डॉक्टरों की टीम प्रतीक के घर गई। घर पर उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद प्रतीक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
हृदय गति रुकने की वजह से जान गंवाने वाले प्रतीक यादव को हायपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) के साथ ही खून का थक्का बनने की भी समस्या थी। मेदांता अस्पताल में इसका इलाज चल रहा था। 29 अप्रैल को सांस लेने में समस्या होने पर प्रतीक यादव अंतिम बार मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।
प्रतीक यादव (38) और अपर्णा यादव (37) दोनों का प्रेम विवाह 4 दिसंबर 2011 को हुआ था। शादी मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में एक बेहद भव्य समारोह के रूप में हुई थी। इससे पहले दोनों के बीच लगभग 10 साल तक रिलेशनशिप थी। दोनों की मुलाकात एक बर्थडे पार्टी में हुई थी।
अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि “पद्म विभूषण” पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा।
— Aparna Bisht Yadav (@aparnabisht7) May 13, 2026
इस दुःखद घड़ी में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति… pic.twitter.com/VXIuLnUZN3