बेरहम यूपी पुलिसः एक साल की बच्ची का तोड़ा पैर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गदागंज पुलिस की दबंगई सिर चढ़कर बोल रही है। सोमवार को गदागंज चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही ने बाइक सवार को डंडा मारा, जिससे बाइक पर मां की गोद में बैठी मासूम के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस का यह रूप जिसने भी देखा दंग रह गया। पति-पत्नी ने बच्ची को सीएचसी डलमऊ में भर्ती कराया है। उधर, एसओ संजय सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गदागंज के जलालपुर धई निवासी यासीन की डलमऊ कस्बे के शेखवाड़ा में ससुराल है। सुबह वह अपनी पत्नी सोनी और बेटी अकमल (1) को लेकर बाइक से ससुराल जा रहा था। वाहन के पीछे बच्ची मां की गोद में बैठी थी।
थाने की पुलिस गदागंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। वाहनों को डंडे के बल पर रोका जा रहा था। इसी दौरान यासीन भी उधर से गुजरा।
बच्ची की हालत देख पसीज गए लोग
पुलिस कर्मियों ने उसे रोका। यासीन बाइक रोकता, इससे पहले ही एक पुलिस कर्मी ने उसके ऊपर डंडा चला दिया।
हालांकि यासीन और उसकी पत्नी तो बच गए, लेकिन डंडा लगने से बच्ची के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। बाइक सवार ने बाइक रोकी और इस पर नाराजगी जताई।
पुलिस की यह करतूत देख, वहां मौजूद लोगों का दिल भी भर आया। लोग एकत्र हो गए। सभी बच्ची को डंडा मारने वाले पुलिस कर्मी को कोस रहे थे, लेकिन खाकी के आगे बोल नहीं सके।
बच्ची को रोता देख दंपती पहले उसे सीएचसी डलमऊ ले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशाराम ने बताया कि बच्ची के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
उधर, एसओ संजय सिंह ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में आया है। पति-पत्नी बच्ची को अस्पताल ले गए हैं।
उनसे मिलकर घटना के बारे में पूछताछ की जाएगी। तहरीर मिलने पर संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।