सीतापुर: शौच के लिए गई किशोरी से दुष्कर्म, पुलिस ने की मामले को दबाने की कोशिश, छेड़छाड़ में केस दर्ज किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीतापुर जिले के रामपुर कलां थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए गई एक किशोरी को नशे में धुत एक युवक झोपड़ी में उठा ले गया और दुष्कर्म किया। बेटी के घर न पहुंचने पर जब मां उसे ढूढ़ने पहुंची तो आरोपी कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता परिजनों के साथ थाने गई तो पुलिस ने भी इंसाफ नहीं किया। छेड़खानी का मामला दर्ज कर पुलिस ने घटना को दबाने की कोशिश की लेकिन जब मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने दुष्कर्म व पास्को एक्ट में केस को बदल दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी को पकड़ कर जेल भेज दिया गया है।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 23 दिसंबर की रात गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। उधर, गांव का ही खजूर से ताड़ी (नशीला पदार्थ) निकालने का काम करने वाला प्रताप झोपड़ी (मड़ैया) डाल कर रहता है।
आरोप है कि ताड़ी के नशे में धुत प्रताप ने शौच के लिए गई किशोरी को दबोच लिया और उसे उठाकर अपनी झोपड़ी में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच बेटी को आने में हुई देरी को देखते हुए किशोरी की मां भी उधर पहुंच गई। किशोरी को मां को आता देखकर आरोपी, पीड़िता को कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।
मीडिया में मामला आने पर जागी पुलिस
घटना के बाद पीड़िता ने मां व परिजनों को आपबीती सुनाई जिसके बाद पीड़िता अगले दिन थाने गई। थाने में पुलिस ने दुष्कर्म के बजाय छेड़खानी में मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, मीडिया की नजर में आने पर पुलिस ने आनन फानन में छेड़खानी की धाराओं को बदल कर मामले को दुष्कर्म व पास्को एक्ट में दर्ज कर लिया है साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस बारे में एसओ संजीव कुमार यादव का कहना है कि पहले किशोरी के पिता ने जो तहरीर दी थी। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था लेकिन जब पीड़िता ने अपने बयान में दुष्कर्म की बात कही तो धाराओं को दुष्कर्म व पास्को एक्ट में बदल दिया गया। उनका कहना है कि आरोपी प्रताप को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।