योगी के बाद मोदी सरकार का भी ऐलान, बाढ़ से मरने वालों के परिवारीजनों को देंगे दो-दो लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में बाढ़ से जिन लोगों की मौत हुई है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके परिवारीजनों को दो-दो लाख रुपये और जो गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का एलान किया है। यह मदद प्रदेश सरकार की ओर से घोषित सहायता के अतिरिक्त होगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रदेश सरकार से ऐसे लोगों की सूची मांगी है।
प्रदेश में 25 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों में बाढ़ से अब तक 92 लोगों की मौत हुई है। प्रधानमंत्री ने बाढ़ के कारण मृत व्यक्तियों के परिवारीजनों को दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का एलान किया है।
प्रमुख सचिव राजस्व डॉ. रजनीश दुबे ने बताया कियह रकम प्रदेश सरकार की ओर से बाढ़ में मारे गए लोगों के परिवारीजनों के लिए घोषित चार लाख रुपये की सहायता के अलावा होगी। इस तरह अब बाढ़ से मृत लोगों के परिवारीजनों को छह-छह लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
पीएम की ओर से घोषित सहायता राशि पीएमओ द्वारा संबंधित जिले के डीएम के खाते में भेजी जाएगी। डीएम इसे लाभार्थी के खाते में जमा कराएंगे। इस संबंध में प्रमुख सचिव राजस्व ने बाढ़ प्रभावित जिलों के डीएम से जान गंवाने और गंभीर रूप से घायल लोगों की सूची, डाक पते और बैंक खाते की सूचना मांगी है।
राहत सामग्री वितरण में सुस्ती पर मुख्य सचिव नाराज
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को नए मानक के अनुसार राहत सामग्री बांटने में सुस्ती पर नाराजगी जताई है। समीक्षा में पता चला कि बलरामपुर, कुशीनगर, बाराबंकी, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती व महराजगंज में नए मानक के अनुसार राहत सामग्री वितरण की स्थिति निराशाजनक है।
इस पर मुख्य सचिव ने पीड़ित परिवारों को एक सप्ताह की राहत सामग्री दो दिन में वितरित कर राहत आयुक्त को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। प्रमुख सचिव राजस्व ने राहत सामग्री प्रबंधन के लिए जिलाधिकारियों को भी निर्देश जारी किए हैं।