यूके से प्रदेश आए लोगों को सात दिन क्वारंटीन करें, वायरोलॉजी सेंटर विकसित करें: मुख्यमंत्री योगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में वायरोलॉजी सेंटर की जरूरत बताते हुए इसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे वायरस से संबंधित जांच व शोध कार्य प्रदेश में ही हो सकेंगे। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में कोरोना संक्रमण के नियंत्रण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतें। ब्रिटेन समेत ऐसे देश जहां नया स्ट्रेन मिला है, वहां से प्रदेश में आए लोगों को न्यूनतम 7 दिन क्वारंटीन किया जाए और इनमें संक्रमण की जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 की संक्रमण दर में काफी कमी आयी है, लेकिन संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए कोविड-19 से बचाव व उपचार की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखी जाए। सीएम ने कोरोना टीकाकरण के लिए प्रभावी कोल्ड चेन, सुरक्षित स्टोरेज तथा सुगम ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
कोरोना वैक्सीनेशन के पहले चरण में प्रदेश में 1500 टीकाकरण केंद्रों के 3000 बूथों पर टीकाकरण होगा। अब तक 1300 कोल्ड चेन स्थापित हो चुकी हैं। उन्होंने 10 जनवरी से शुरू हो रही मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना की जानकारी और गोल्डन कार्ड बांटने के निर्देश भी दिए।
अस्पतालों में फायर सेफ्टी का करें सत्यापन
सीएम ने सभी अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में फायर सेफ्टी के सभी प्रबंध निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अस्पतालों में फायर सेफ्टी की व्यवस्था के सत्यापन के निर्देश भी दिए। कहा, सभी जगह फायर सेफ्टी से संबंधित उपकरण हों और इसको चलाने वाले ऑपरेटर भी वहां हों।