गोंडा, सीतापुर और बलराम में पंचायत चुनाव : मुखिया चुनने के लिए मतदाताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
गोंडा जिले के छह ब्लॉकों की आठ ग्राम पंंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान कराया गया है। बलरामपुर जिले में ग्राम प्रधान के तीन रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। सीतापुर में तीन ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए लोगों ने मतदान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोंडा जिले के छह ब्लॉकों की आठ ग्राम पंंचायतों में बुधवार को प्रधान, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्य का पूरी चौकसी के साथ शांतिपूर्ण मतदान कराया गया है। इस दौरान डीएम नेहा शर्मा व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के साथ वजीरगंज के रामपुर खरहटा प्रथम मतदान केंद्र का निरीक्षण किया है। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक कुल 59 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिले छह ब्लॉकों में पंडरीकृपाल ब्लॉक के दत्तनगर विसेन में प्रधानपद पर 1964 में 1413 वोट सबसे अधिक 72 प्रतिशत मतदान हुआ है।
वहीं बभनजोत ब्लॉक के पिपरा माहिम में बीबीडी मेंबर चुनाव मेें 1938 में 641 सबसे कम 33.08 प्रतिशत मतदान किया गया है। कटराबाजार, मनकापुर और वजीरगंज संवाद के अनुसार, प्रधान पद पर बरुईगोंदहा 2140 में 1245, करनूपुर राजा 1926 में 906, रामपुर खरखटा में 2481 में 1574 वोट पड़े हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि पूरी सुरक्षा के साथ सभी ब्लॉकों के स्ट्रांग रूम में मतपेटी रखी गई है। 24 घंटे पुलिस का पहरा रहेगा। आठ सितंबर सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
एएसपी ने संभाली अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र का जिम्मा
मोतीगंज (गोंडा)। झंझरी के फिरोजपुर में प्रधानी पद चुनाव कराने के लिए पुलिस ने पूरी चौकसी बरती है। अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र होने के कारण पुलिस पाइंट बनाए गए थे। यहां अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने खुद कमान संभाले रखा। उनके साथ सीओ सिटी विनय सिंह, देहात कोतवाल महेंद्र सिंह, खोरहंसा चौकी इंचार्ज नागेश्वर पटेल मौजूद रहे हैं।
पंडरीकृपाल में बढ़-चढ़कर हुई वोटिंग
ब्लॉक- वोटिंग (प्रतिशत)
पंडरीकृपाल -71.95
झंझरी-60.61
कटराबाजार-58.18
वजीरगंज-65.19
मनकापुर-56.50
बभनजोत-33.08
कुल मतदाता: 17006
पड़े वोट: 10033
कुल प्रतिशत वोट: 59.00
बलरामपुर जिले में ग्राम प्रधान के तीन पदों के लिए हुआ उपचुनाव
बलरामपुर जिले में ग्राम प्रधान के तीन रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। गांव का मुखिया चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। मतदाता सुबह से ही पोलिंग बूथ पहुंचकर कतार में लग गए। हरैया सतघरवा के ग्राम पंचायत देवपुरा में जूनियर हाईस्कूल देवपुरा में चार, हाथगर्दा में प्राथमिक विद्यालय हाथीगर्दा व गैसड़ी ब्लॉक के प्राथमिक पाठशाला पिपरा दुर्गानगर में दो-दो मतदेय स्थल बनाए गए थे। आठ पोलिंग बूथों पर 5413 मतदाताओं के सापेक्ष कुल 53 प्रतिशत मतदान हुआ।
हरैया सतघरवा ब्लॉक के देवपुरा व हाथीगर्दा तथा गैसड़ी ब्लॉक के पिपरा दुर्गानगर मतदान केंद्रों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की निगरानी में मतदान शुरू हुआ। गांव का मुखिया चुनने के लिए मतदाता सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए युवा मतदाताओं के साथ दिव्यांग व बुजुर्गों में भी काफी उत्साह दिखा। दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाता अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडा के सहारे मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला।
पिपरा दुर्गानगर मतदान केंद्र पर पहुंची 97 वर्षीय बुजुर्ग महिला नेतायीन व 65 वर्षीय सुशीला ने बताया कि गांव के विकास के लिए सही प्रत्याशी चुनना जरूरी है। इसलिए अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करूंगी। दिव्यांग नवरत्न प्रसाद ने बताया कि मतदान करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। सभी लोगों को मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। निर्वाचन अधिकारी पंच स्थानीय ज्ञानेश शुक्ला ने बताया कि जिले में पांच ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के बलहा में प्रधान पद पर एकल नामांकन हुआ था, वहीं गैसड़ी के हरनहवा सुस्ता में आरक्षण के पेंच में नामांकन नहीं हो सका। हरैया सतघरवा ब्लॉक के देवपुरा व हाथीगर्दा तथा गैसड़ी ब्लॉक के पिपरा दुर्गानगर में प्रधान पद पर उपचुनाव हुआ है। देवपुरा में छह व हाथीगर्दा में तीन तथा पिपरा दुर्गानगर में चार उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
13 प्रत्याशियों के भाग्य का कल होगा फैसला
जिले में तीन ग्राम प्रधान पद पर उपचुनाव संकुशल संपन्न हो गया है। आठ सितंबर को हरैया सतघरवा व गैसड़ी ब्लॉक पर ही मतों की गणना कराई जाएगी। तीन ग्राम प्रधान पद पर 13 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं श्रीदत्तगंज के बलहा गांव में प्रधान पद के लिए एकल नामांकन होने के कारण वहां मतदान नहीं कराया गया है।
सीतापुर में प्रधान के चार पदों के लिए 76.27 फीसदी मतदान
सीतापुर में तीन ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को 76.27 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 10 बूथों पर कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। मत पेटिकाओं को ब्लॉक मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
प्रधान के चार पदों पर बुधवार को हुए मतदान में 5824 लोगों में से 4,442 मतदाताओं ने वोट डाला। पहला ब्लॉक की ग्राम पंचायत संडौर में प्रधान पद के लिए दो बूथों पर मतदान कराया गया। यहां 1,077 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 72 वर्षीय बुजुर्ग मुनीरा को सचिव शिव कुमार कश्यप व पुलिस कर्मी सहारा देकर बूथ तक ले गए। ऊषा देवी, ललित तिवारी, विशुन कुमार, कुशुमा देवी के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। हरगांव ब्लॉक की सुल्तानपुर ग्राम पंचायत के प्रधान के लिए दो बूथों पर 1098 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां से गीता देवी और पुष्पा देवी के लिए मतदाताओं ने मत डाले। ग्राम पंचायत संवेदनशील होने के कारण भारी सुरक्षा व्यवस्था मतदान स्थल पर रही।
रेउसा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोड़वा धमधमपुर में ग्राम प्रधान का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। प्राथमिक विद्यालय मे तीन बूथ बनाए गए थे। इनपर 1040 मतदाताओं ने मतदान किया। बूथ अति संवेदनशील होने के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। अर्चना व जाकीरा चुनाव मैदान में थी। इसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत लालपुर के प्रधान पद के लिए तीन बूथों पर 1227 मतदाताओं ने मतदान किया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया 76.27 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।