बाराबंकी: दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट, युवक की मौत, गांव में तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर के पास टोटका करने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर संघर्ष खूनी हुआ। जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी जाटा बरौली में भर्ती कराया गया। मृतक के पिता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सतरिख थाना के गांव बरकटही निवासी जगमोहन के बेटे शिवराज(30) की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। वह नशे का भी आदी था। जिससे उसके पूरे परिवार के लोग परेशान थे।
किसी तांत्रिक ने जगमोहन और उसकी पत्नी जनाका को बेटे के ठीक होने के लिए टोटका करने के बारे में बताया। जिससे रविवार की रात जनाका देवी अपने बेटे शिवराज के साथ पड़ोसी के घर के पास टोटका कर रही थी। जनाका देवी को टोटका करते हुए पड़ोस में रहने वाले बबलू और महेश पुत्र रामस्वरूप ने देख लिया और इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद शिवराज पुत्र जगमोहन से विवाद होने लगा।
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष में मारपीट शुरू हो गई। इसमें जनाका देवी को काफी चोट आई जबकि शिवराज को अंदरूनी चोट लगी थी। शिवराज की चोट जाहिर न होने पर उसे घर में ही रहने दिया गया जबकि जनाका देवी को सीएचसी जाटा बरौली में भर्ती कराया गया। इस दौरान सोमवार की सुबह ही शिवराज की मौत हो गई।
पुलिसकर्मी गांव पहुंचे और जांच शुरू की
घटना की जानकारी होते ही पुलिसकर्मी गांव पहुंच गए और जांच शुरू की। मृतक के पिता ने बबलू और महेश के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पीएम रिपोर्ट में ही मौत मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।