अंबेडकरनगर में सराफा व्यापारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, हत्या की धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अकबरपुर नगर के प्रसिद्ध सराफा व्यवसायी राज कुमार सेठ से एक करोड़ की रंगदारी मांगे जाने के साथ ही रकम न देने पर हत्या की धमकी दी गई है। घटना से जिला मुख्यालय समेत कई अन्य क्षेत्र के व्यापारियों में सनसनी व्याप्त हो गई। हरकत में आई पुलिस ने केस दर्ज करने से पहले ही सर्विलांस के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारी भी जुटा ली है। इस बीच पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कर लिया है। व्यापारी को एहतियातन सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
जिला मुख्यालय के शहजादपुर निवासी राजकुमार सेठ की शहजादपुर चौक में सराफा की दुकान है। बताया जाता है कि मंगलवार को बाजार बंदी के चलते वे अपनी दुकान बंद कर इलाज के सिलसिले में लखनऊ गए थे। दोपहर जब वे लखनऊ के एक निजी हॉस्पिटल में मौजूद थे, तभी उनके पास एक मोबाइल नंबर से फोन आया। कॉल रिसीव करते ही फोन करने वाले व्यक्ति ने उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।
राजकुमार सेठ को चेतावनी देते हुए कहा कि यह रकम 24 घंटे के भीतर अकबरपुर नगर के रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र स्थित एक होटल के नजदीक पहुंचा दिया जाए। रकम पहुंचाने के बाद फोन करने पर रकम ले ली जाएगी। फोन करने वाले व्यक्ति ने धमकाते हुए कहा कि किसी को भी इस बात की खबर नहीं होनी चाहिए। यदि होशियारी दिखाने की कोशिश की, तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। एक करोड़ की रंगदारी मांगे जाने से राजकुमार सेठ सन्न रह गए।
उसी नंबर से लगातार की गई कई कॉल्स
उन्होंने बिना कुछ बोले ही फोन काट दिया। इसके बाद उसी नंबर से लगातार कई बार कॉल की गई। राजकुमार ने उसे रिसीव नहीं किया। बाद में उन्होंने इसकी जानकारी पारिवारिक मित्रों को देने के साथ ही एसपी संतोष कुमार मिश्र को भी दी।
एसपी ने संबंधित मोबाइल को तत्काल सर्विलांस पर लगवा दिया। देर रात तक कई जरूरी तथ्य एसपी के सामने आ चुके थे। बुधवार सुबह व्यापार मंडल प्रभारी रमेश सेठ ने प्रभावित व्यापारी राजकुमार सेठ, सुरेश सेठ, पीयूष सेठ व गुड्डू सेठ आदि के साथ एसपी से मुलाकात की।
एसपी को पूरा घटनाक्रम बताते हुए आवश्यक सुरक्षा की मांग की गई। एसपी ने एहतियात के तौर पर राजकुमार सेठ को एक पुलिसकर्मी की सुरक्षा देते हुए केस दर्ज करने का निर्देश दिया। सभी व्यापारी इसके बाद अकबरपुर कोतवाली पहुंचे। वहां राजकुमार सेठ की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया।