सांप्रदायिक घटना हुई तो अफसरों की होगी जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव से पहले नोएडा के दादरी क्षेत्र में हुए सांप्रदायिक तनाव और जिलों में हो रही हिंसा की घटनाओं को देखते हुए मुख्य सचिव आलोक रंजन ने अफसरों को सख्त हिदायत दी है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अब किसी जिले में अप्रिय घटना हुई तो वहां के अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। ऐसे अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।
मातहतों को भेजे निर्देश में उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है।
किसी भी जिले में ऐसी घटना होती है, जिसमें सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो तो वहां डीएम, कप्तान एवं अधीनस्थ मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तत्काल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करें।
घटना को विकराल रूप लेने से रोका जा सकता है
मुख्य सचिव ने कहा कि घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने से छोटी घटना को विकराल रूप लेने से रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा है कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसमें असामाजिक तत्वों द्वारा सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास हो सकते हैं। डीएम व पुलिस कप्तान एक-दूसरे से समन्वय रखते हुए निरंतर समीक्षा करें।
पुलिस तथा मजिस्ट्रेट को व्यापक जनसंपर्क करते हुए अभिसूचना तंत्र विकसित करना चाहिए। लोगों से सहयोग प्राप्त करें। साथ ही आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत थानों, तहसीलों पर शांति बैठक कर लोगों को विश्वास में लें।