अनलॉक के दौरान कहीं भी भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए पुलिस पेट्रोलिंग की जाए: मुख्यमंत्री योगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को निर्देश दिए हैं कि प्रशासनिक कार्य करने वाले चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में लगाया जाए। कोविड-19 के प्रसार की सटीक जानकारी के लिए रैंडम चेकिंग बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि एनसीआर के तहत आने वाले यूपी के जनपदों में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर उसे लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री शनिवार को अपने आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से पैदा हुए हालात में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी उपाए किया जाने जरूरी हैं। उन्होंने डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता पर जोर दिया।
कहा कि प्रशासनिक कार्य करने वाले चिकित्सकों को मरीजों के उपचार का दायित्व सौंपे जाने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि एक लाख की संख्या में निगरानी समितियां स्थापित करने से सर्विलांस व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकता है।
कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को सर्विलांस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने रैंडम चेकिंग में वृद्धि करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोविड-19 के प्रसार की सटीक जानकारी मिल सकती है।
इसके आधार पर कोरोना के खिलाफ जंग में कारगर रणनीति निर्धारित करने में मदद मिलेगी। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग और मुख्य सचिव आरके तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौंजूद थे।
कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करें: सीएम योगी
उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में प्राथमिकता के आधार पर कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। इसके माध्यम से लोगों को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव और उपचार की जानकारी मुहैया कराई जाए। उन्होंने कोविड हेल्प डेस्क पर सैनिटाइजर, इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
'बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार करें'
सीएम योगी ने कहा कि कोरोना से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार जारी रखा जाए। चौराहों, बाजार, बस स्टेशन पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन काउंटर के समीप कोरोना से बचाव के बैनर लगाए जाएं।
उन्होंने ओल्ड एज होम, बाल गृह तथा महिला संरक्षण गृह के निवासियों का कोरोना टेस्ट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस व पीएसी के कार्मिकों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
'अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर कार्रवाई करें'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनलॉक के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। कहीं भी भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए पुलिस पेट्रोलिंग की जाए। सोशल डिस्टेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि आज से अनाज वितरण का अभियान फिर प्रारंभ हो गया है।
निर्देश दिए कि अनाज बांटने का काम पूरी पारदर्शिता से संचालित किया जाए। उन्होंने अवैध प्लॉटिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।