राम मंदिर दान विवाद: एसआईटी रिपोर्ट तक नहीं होगी कोई कार्रवाई, गड़बड़ियों की शिकायत पर पुलिस ने लगाई रिपोर्ट
राम मंदिर दान विवाद पर एसआईटी रिपोर्ट तक कोई कार्रवाई नहीं होगी। गड़बड़ियों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट लगा दी है। शिकायतकर्ता ने मीडिया रिपोर्ट के आधार पर गबन का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान राशि और आभूषणों के प्रबंधन में गड़बड़ियों को लेकर दी गई शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट लगा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पहले से एसआईटी कर रही है, इसलिए उसकी रिपोर्ट आने तक किसी अलग कार्रवाई की जरूरत नहीं है।
अयोध्या के थाना राम जन्मभूमि पुलिस की जांच रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता ने समाचार पत्रों और सोशल मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर मंदिर में दान राशि और आभूषणों के प्रबंधन में अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। शिकायत में कुछ लोगों के पास से नकदी मिलने का भी दावा किया गया है।
समिति का नाम भी केस में जोड़ा जाए
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि एसआईटी की जांच के आधार पर केस दर्ज होता है तो उनकी समिति का नाम भी उसमें जोड़ा जाए। वहीं, यदि एसआईटी कोई एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो वह स्वयं कानूनी कार्रवाई करेंगे।
रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेज दी
पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शिकायतकर्ता ने भी एसआईटी की जांच रिपोर्ट आने तक अपने प्रार्थना पत्र पर कोई कार्रवाई न करने की बात कही है। ऐसे में फिलहाल अलग से किसी पुलिस कार्रवाई की जरूरत नहीं है। थाने की पुलिस ने ये रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेज दी है।