यूपी: अवध के जिलों में काल बनी बारिश, एक ही परिवार के तीन लोगों समेत नौ की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवध के जिलों में मंगलवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने नौ लोगों को जान ले ली। इनमें किसी की मौत बिजली गिरने तो किसी की दीवार व मकान ढहने से हुई।
सबसे ज्यादा नुकसान रायबरेली और अमेठी में हुआ। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गये। फुरसतगंज के ब्रह्मनी गांव में पक्के मकान का बरामदा बुधवार भोर भरभराकर ढह गया।
मलबे में दबकर किसान कमलाकर सिंह की मां सरस्वती सिंह (75), बेटी बीना (30), पोता राज (15) पुत्र बृजेंद्र सिंह की मौत हो गई। जबकि कमलाकर और उसकी नातिन गौरी (4) घायल हो गईं। ऊंचाहार के चडनई गांव में छप्पर गिरने से छोटेलाल (22) की मौत हो गई। यहीं के भदोखर के राजापुर गांव में छप्पर ढहने से गुरुचरन (60) की मौत हो गई। परशदेपुर के सुरैय्या मुवक्किलपुर गांव में छप्पर गिरने से पार्वती (60) की मौत हो गई।
इन जिलों में बारिश के चलते हुए ये हादसे
इसके अलावा, अयोध्या में रुदौली के गनौली गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से चार साल के एक बच्चे कंधई की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। उधर गोंडा में बिजली गिरने से मनकापुर क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया गोसाई के मजरे बनकटवा गांव निवासिनी संजीला (55) की मौत हो गई।
वहीं, बलरामपुर में उतरौला कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा में बिजली गिरने से साहेब अली (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गये। उधर, अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरधाभिउरा गांव में बारिश के दौरान टिनशेड ढह गया। इसमें दबकर तीन लोग घायल हो गए।