UP: भाजपा के लिए क्यों खास हैं अगले 15 दिन?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौजूदा पखवाड़े में भाजपा में काफी गहमागहमी रहेगी। कुछ महत्वपूर्ण बैठकें होंगी तो कुछ फैसले भी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की काशी यात्रा भी संभावित है। यही नहीं, पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी इस पखवाड़े उत्तर प्रदेश आने वाले हैं।
इसी के साथ भाजपा के सदस्यता अभियान को भी तेज करने के लिए कार्यक्रम आयोजित होने हैं। गृहमंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश में पार्टी की सदस्यता लेकर सदस्यता अभियान का विधिवत प्रारंभ करेंगे।
वैसे तो भाजपा का सदस्यता अभियान औपचारिक रूप से शुरू हो चुका है। पर, इसके लिए पार्टी ने घर-घर जाने का कार्यक्रम बनाया है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता लोगों के पास जाकर उन्हें भाजपा का सदस्य बनाएंगे। इसकी पूरी कार्ययोजना इसी पखवाड़े में तय होनी है।
साथ ही सदस्यता प्रमुखों की भी घोषणा होनी है। जिलों के सदस्यता प्रमुखों से पहले प्रदेश के सदस्यता प्रमुख का ऐलान होगा।
सदस्यता प्रमुख का हो चुका है फैसला
वैसे तो प्रदेश सदस्यता प्रमुख की अभी औपचारिक रूप से घोषणा नहीं हुई है लेकिन जानकारी के मुताबिक, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को सदस्यता प्रमुख बनाने का फैसला हो चुका है। उनके साथ जेपीएस राठौर और गौतम चौधरी को सह सदस्यता प्रमुख की जिम्मेदारी दी जा सकती है। फिर ये लोग जिलों के सदस्यता प्रमुखों की घोषणा करेंगे।
बैठकें व यात्राएं होंगी: प्रधानमंत्री मोदी की काशी यात्रा का अभी औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है लेकिन उनके 7 व 8 नवंबर को काशी में रहने की संभावना है। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी ओम माथुर भी काशी आ सकते हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री की काशी यात्रा से पहले प्रदेश प्रभारी ओम माथुर लखनऊ आएंगे। उनके 5 नवंबर को लखनऊ आने की संभावना है। उस दिन पार्टी ने यहां प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई है। कुछ का कहना है कि माथुर की इच्छा है कि पहले वह काशी-विश्वनाथ में माथा टेकेंगे। फिर काम शुरू करेंगे।
सदस्यता अभियान पर होगा खास फोकस
पदाधिकारियों की बैठक के बाद 13 नवंबर को सदस्यता अभियान के सिलसिले में बैठक तय है जिसमें पार्टी के सभी प्रमुख नेता रहेंगे।
जाहिर है, माथुर 5 नवंबर को न भी आए तो 13 तक उन्हें आना ही होगा। कारण, प्रदेश प्रभारी होने के नाते उन्हें सदस्यता अभियान पर भी नजर रखनी होगी।