यूपी: सात जून से बदल जाएगा पुलिस मुख्यालय का पता, नया भवन आधुनिक सुरक्षा व सुविधाओं से लैस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आने वाले शुक्रवार से पुलिस मुख्यालय का पता बदल जाएगा। नया पता सिग्नेचर बिल्डिंग गोमतीनगर विस्तार होगा। सात जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। पुलिस महकमे की विभिन्न शाखाएं नए भवन में शिफ्ट होने लगी हैं। अगले दो से तीन दिनों में अन्य शाखाएं भी शिफ्ट कर दी जाएंगी।
नया पुलिस मुख्यालय पूरी तरह से वातानुकूलित है। इसके निर्माण में 816.39 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। नौ मंजिला इस भवन में विभाग की कुल 32 शाखाओं के कार्यालय होंगे। डीजीपी का कार्यालय नौवें तल पर होगा। एडीजी कानून व्यवस्था आठवें तल पर बैठेंगे।
प्रयागराज से पुलिस मुख्यालय भी इसी भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजकीय रेलवे पुलिस, तकनीकी सेवाएं, एंटी क्रप्शन, ईओडब्ल्यू, एसआईटी, स्पेशल इंवेस्टीगेशन के कार्यालय समेत अन्य शाखाओं के कार्यालय शिफ्ट किए जा रहे हैं। नए भवन में कैफेटेरिया का संचालन आईआरसीटीसी करेगा।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरी बिल्डिंग सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं और इसकी मानीटरिंग के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बिल्डिंग में प्रवेश के लिए तीन द्वार बनाए गए हैं। बिल्डिंग में सात वाच टावर और बुलेट प्रूफ बंकर भी हैं।
भवन में प्रवेश करने वाले अधिकारियों की गाड़ियों की टैगिंग होगी। इसमें किसी भी फ्लोर या किसी टावर में जाने के लिए बायोमीट्रिक लॉक को पार करना होगा। इससे कोई भी व्यक्ति किसी भी अधिकारी से नहीं मिल सकता, जब तक वह अधिकारी नहीं चाहेगा।
फरियादियों को पहुंचने में होगी दिक्कत
इस भवन में लोक शिकायत के एडीजी ग्राउंड फ्लोर पर ही बैठेंगे। यहां फरियादियों की सुनवाई के लिए वेटिंग हाल भी है। लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत फरियादियों को वहां तक पहुंचने की होगी। फिलहाल पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साधन वहां तक उपलब्ध नहीं हैं। इस पर विचार किया जा रहा है कि अगले एक डेढ़ महीने और एडीजी लोक शिकायत को पुराने भवन में ही रहने दिया जाय।