चुनावी मैदान में अंग्रेजी शब्दों के मिल रहे हैं नए अर्थ, आपने सुने क्या?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही शब्दों की मार तीखी होती जा रही है। शब्दों को नए-नए अर्थ मिल रहे हैं। मुद्दे और नीतियों की जगह व्यक्ति निशाने पर आ रहे हैं।
डिक्शनरी में ‘स्कैम’ का मतलब घपले-घोटाले के संदर्भ के सिवा शायद ही कुछ मिले, पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ रैली में ‘स्कैम’ शब्द की नई व्याख्या करते हुए सपा, कांग्रेस और बसपा व उसके नेताओं पर साझा वार किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने-अपने हिसाब से इसका जवाब दिया। राहुल गांधी ने तो स्कैम का मतलब सेवा, साहस, योग्यता व विनम्रता भी बता दिया।
इसके बाद मोदी ने दूसरी रैली अलीगढ़ में की। यहां उन्होंने ‘विकास’ की व्याख्या ‘वि’ से विद्युत, ‘का’ से कानून-व्यवस्था और ‘स’ से सड़क के रूप में की।
केंद्र सरकार ने नोटबंदी के बाद डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए भारत इंटरफेस ऑफ मनी एप लॉन्च किया।
इस एप का न तो महाभारत कालीन भीम से कोई मतलब है और न ही सीधे तौर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर से, पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘भारत इंटरफेस ऑफ मनी’ को संक्षिप्त रूप में डॉ. अंबेडकर के नाम पर ‘भीम’ रख दिया।
माहौल चुनावी था, लिहाजा बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस पर सवाल उठाने में बिल्कुल देर नहीं की। देश सरकार के वरिष्ठ मंत्री आजम खां प्रधानमंत्री मोदी को ‘बादशाह’ कहकर पहले से ही तंज कसते रहे हैं।
‘पलायन’ के अपने-अपने मायने
इस चुनाव में उन्होंने मोदी की तुलना बुराइयों के प्रतीक रावण से कर दी। खां ने कहा कि हिंदुस्तान का बादशाह रावण जलाने लखनऊ गया था जबकि सबसे बड़ा रावण लखनऊ नहीं, दिल्ली में रहता है।
ट्रिपल तलाक भी इस चुनाव में महत्वपूर्ण मुद्दा है। भाजपा इसे जोर-शोर से उठा रही है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इसे अलग अंदाज में बयां किया।
उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि वह सपा, कांग्रेस और बसपा को ‘तीन तलाक’ देते हैं। भाजपा ने पश्चिमी यूपी में पलायन का मुद्दा उठाया। अपने घोषणा पत्र में सांप्रदायिक पलायन रोकने के लिए पुलिस महकमे में स्पेशल विभाग खोलने का वादा किया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस पर तत्काल पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेता पलायन करके आए हैं। मोदी खुद पहले गुजरात से यूपी आए, फिर दिल्ली चले गए।
वहीं, मायावती ने पलायन के मुद्दे पर एक साथ तीनों विरोधी दलों को धोया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में रोटी के लिए, सपा सरकार में सुरक्षा के लिए और भाजपा शासनकाल में नोटबंदी की वजह से पलायन हुआ है।
‘स्कैम’ बोले तो...
सीसीसी-एक कंप्यूटर कोर्स का नाम है। यूपी की तमाम सरकारी नौकरियों में केंद्र सरकार की संस्था नीलेट के इस कोर्स का प्रमाण पत्र अनिवार्य है। भाजपा नेता और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सीसीसी की व्याख्या क्राइम, क्रिमिनल और करप्शन के गठबंधन के रूप में की।
उन्होंने सपा और कांग्रेस के गठबंधन को सीसीसी करार दिया। चुनावी समर में हिंदी और अंग्रेजी शब्दों की अलग-अलग तरह से व्याख्या कर विरोधियों पर वार पिछले लोकसभा चुनाव से शुरू हुए।
तब प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने ‘सबका’ शब्द की व्याख्या सपा-बसपा-कांग्रेस के रूप में करते हुए जनता से तीनों को हराने की अपील की थी। इस बार उन्होंने ‘स्कैम’ की व्याख्या करते हुए कहा, ‘स्कैम’ नहीं, ‘कमल’ चाहिए। मोदी अपने कार्यक्रमों और योजनाओं के नाम की अपने हिसाब से ऐसी ही व्याख्या करते रहते हैं।
‘स्कैम’ बोले तो...
मोदी की नजर में : एस-सपा, सी-कांग्रेस, ए-अखिलेश यादव, एम-मायावती
अखिलेश की नजर में : सेव कंट्री फ्रॉम अमित शाह एंड मोदी
मायावती की व्याख्या : नोटबंदी में किए गए स्कैम का जवाब दें मोदी
राहुल की नजर में : एस-सर्विस (सेवा), सी- करेज (साहस),
ए-एबिलिटी (योग्यता), एम- मोडेस्टी (विनम्रता)।