यूपी: प्रदेश की 52.78 फीसदी आबादी ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, 30 जिलों के एक भी सक्रिय केस नहीं
यूपी में कोरोना टीकाकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश की आधी से ज्यादा अर्ह आबादी ने वैक्सीन की पहली डोज ले ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश की 52.78 फीसदी आबादी ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज प्राप्त कर ली है। अब तक 07 करोड़ 94 लाख लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इसी प्रकार, 01 करोड़ 73 लाख लोगों ने टीके की दोनों खुराक ले ली है।
प्रदेश में अब तक कुल कोविड वैक्सीनेशन 09 करोड़ 68 लाख से अधिक हो चुका है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। प्रदेश के 30 जिलों में कोविड का एक भी एक्टिव केस नहीं है।
प्रदेश में अब तक 07 करोड़ 69 लाख 25 हजार 210 सैम्पल की कोविड जांच की जा चुकी है। यह देश के किसी एक राज्य में हुई सर्वाधिक टेस्टिंग है।
वहीं, बीते 24 घंटे में हुई 02 लाख 09 हजार 252 सैम्पल की टेस्टिंग में 17 नए मरीजों की पुष्टि हुई। मात्र 08 जनपदों में ही नए मरीज मिले। कहीं भी दोहरे अंकों में नए केस नहीं पाए गए। इसी अवधि में 12 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए।
अब तक 16 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए
प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 624 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, विगत दिवस हुई कोविड टेस्टिंग में 67 ज़िलों में संक्रमण का कोई भी नया केस नहीं मिला। वर्तमान में 196 कोरोना संक्रमितों का उपचार हो रहा है।
औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहें हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 फीसदी से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है। कोविड की अद्यतन स्थिति के अनुसार प्रदेश के 30 जनपदों (अलीगढ़, अमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बहराइच, भदोही, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा, मीरजापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, सहारनपुर, शामली, श्रावस्ती, सीतापुर और सुल्तानपुर) में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।