विधायक अदिति सिंह पर दादी ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, डीएम-एसपी को भेजा गया पत्र वायरल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सदर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे दिवंगत अखिलेश सिंह की मां कमला सिंह ने डीएम और एसपी को संबोधित पत्र में अपनी बहू और उनकी बेटियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर बुधवार को पूर्व विधायक की मां का पत्र वायरल हुआ। डीएम-एसपी को संबोधित वायरल पत्र में उन्होंने अपनी बहू वैशाली सिंह, उनकी बेटियों सदर विधायक अदिति सिंह और देवांशी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। एसपी ने एएसपी को प्रकरण की जांच सौंपी है। इस मामले में एमएलए अदिति सिंह का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नहीं उठा।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के लालूपुर चौहान गांव की रहने वाली कमला सिंह का पत्र में आरोप है कि विधायक, उनकी मां और बहन ने 30 दिसंबर 2019 की सुबह मेरे कमरे में घुसकर मुझे डराया और धमकाया। मेरे नाम की जमीन को अपने नाम चढ़ाने का दबाव डाला एवं मेरे कमरे में रखे गए सामान को तहस नहस कर दिया। मैं 85 वर्ष की बुजुर्ग महिला हूं, जो स्वयं दुख से गुजर रही हूं। विधायक समेत तीनों का उद्देश्य मेरे नाम की जमीन को अपने नाम करना और मुझे दीनहीन बनाना है। मेरे छोटे बेटे कमलेश सिंह ने मेरा बचाव किया एवं मुझे ठीक तरीके से रखा। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि मैंने अपनी जमा पूंजी से सिधौना गांव स्थित जमीन की देखरेख के लिए 30 हजार रुपये के पोल लगाकर सुरक्षा कराई। जिसे इन लोगों ने उखड़वा दिया।
कमला ने डीएम-एसपी से जमीनों की सुरक्षा किए जाने ओर भूमि स्थल पर हुई हरकत की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही छोटे बेटे कमलेश सिंह की भी सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके साथ कुछ होता है तो इसके लिए यही तीनों जिम्मेदार होंगे।
सदर विधायक अदिति सिंह, उनकी मां और बहन पर कमला सिंह (दादी) की तरफ से जो आरोप लगाए गए हैं, उस पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय को सौंपी गई है। एएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में उचित कार्रवाई होगी। - स्वप्निल ममगाई, एसपी
दादी की तरफ से सदर विधायक अदिति सिंह, उनकी मां और बहन पर जो आरोप लगाए गए हैं, उस मामले की जांच मिली है। वायरल पत्र में जो आरोप लगाए गए हैं, उसकी विधिवत पड़ताल की जाएगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी। - नित्यानंद राय, एएसपी