Corona Virus Lockdown in UP : सीएम योगी ने की मंत्रियों संग बैठक, 15 से दफ्तरों में बैठेंगे मंत्री, अफसर भी आएंगे
-सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए 11 मंत्रियों की अध्यक्षता में कमेटियां गठित
-जनता दर्शन स्थगित रहेगा, ऑनलाइन होंगी रजिस्ट्री, रेस्तरां कर सकेंगे होम डिलीवरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संकट के चलते पिछले तीन सप्ताह से ठप गतिविधियों को केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार राज्य सरकार पटरी पर लाएगी। इसके लिए रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंत्रियों की बैठक में कई फैसले लिए गए। तय हुआ कि 15 अप्रैल से मंत्री अपने दफ्तरों में बैठेंगे। विशेष सचिव व उससे ऊपर के अधिकारी भी अनिवार्य रूप से कार्यालय आएंगे। प्रदेश में विभिन्न विभागों के कामकाज को सामान्य बनाने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत 11 मंत्रियों की अध्यक्षता में कमेटियां गठित की गई हैं।
सीएम योगी ने कहा कि हम सबकों लॉकडाउन की कार्यवाही को पीएम मोदी के आह्वान पर जान भी-जहान भी की तर्ज पर आगे बढ़ाना है। कामकाज को सामान्य बनाने और जीवन को पटरी पर लाने की प्रक्रिया में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन किया जाएगा।
मंत्री 15 अप्रैल से अपने दफ्तरों से सरकारी कामकाज तो शुरू कर देंगे लेकिन लोगों से मिलने-जुलने पर फिलहाल प्रतिबंध रहेगा। जनता दर्शन भी स्थगित रहेगा। दफ्तरो में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होगा। केवल जरूरी स्टॉफ ही बुलाया जाएगा। वे अपने प्रमुख सचिव या अपर मुख्य सचिव के साथ बैठक करके तय करेंगे कि विशेष सचिव से निचले स्तर के किन अधिकारियों व कर्मचारियों को दफ्तर में बुलाया जाएगा।
इसी के साथ ऑनलाइन व्यापारिक गतिविधियां शुरू की जाएगी। भूमि या संपत्तियों की रजिस्ट्रियों को भी ऑनलाइन शुरू किया जाएगा। रेस्तरां को भी काम शुरू करने की अनुमति देने का फैसला किया गया है लेकिन ये सिर्फ होम डिलीवरी का ऑर्डर ही ले सकेंगे। बैठक में 19 मंत्रियों ने हिस्सा लिया।