फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Marriage of 3915 daughters in Ramnagari: CM Yogi said – Government has come to donate daughter of laborer, Chief Minister blessed the bride and groom

रामनगरी में 3915 बेटियों की शादी : सीएम योगी बोले- श्रमिक की बेटी का कन्यादान करने आई है सरकार, मुख्यमंत्री ने दिया वर-बधू को आशीर्वाद

Fri, 26 Nov 2021 07:25 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: पंकज श्रीवास्‍तव Updated Fri, 26 Nov 2021 07:25 PM IST
सार

कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे तो तीन मासूम उनकी फोटो लेने का प्रयास कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें देखा तो, तत्काल मंच पर बुलवाया। मंच पर पहुंची बेटी ख्याति व आर्या समेत बेटा संस्कार के साथ मुख्यमंत्री ने न सिर्फ फोटो खिंचाई बल्कि दुलार भी किया।

विज्ञापन
Marriage of 3915 daughters in Ramnagari: CM Yogi said – Government has come to donate daughter of laborer, Chief Minister blessed the bride and groom
नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रामनगरी अयोध्या की धरती ने जीआईसी के मैदान में शुक्रवार को वृहद स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कर एक नया इतिहास रचा। परिणय की इस बेला में वर-वधू को आशीष देने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार श्रमिक की बेटी का कन्यादान करने यहां आई है। कन्यादान करना मेरे लिए सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने सरकार की योजनाएं गिनाते हुए कहा कि 3915 जोड़ों का यह विवाह कार्यक्रम विश्व में नया कीर्तिमान बना रहा है।

विज्ञापन


विवाह का दृष्य देख हर कोई अभिभूत नजर आया। उत्तर प्रदेश श्रम विभाग एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से वृहद सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 3915 जोड़ों की शादी हुई तो इन जोड़ों का कन्यादान करने व आशीर्वाद देने सीएम समेत तमाम मंत्री और शासन-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। विवाह मंडप में आचार्य व उपाचार्यों ने मंगल गीतों व वेद मंत्रों के साथ 3717 जोड़ों के विवाह की रस्में पूरी कराई, तो काजी द्वारा 138 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। आयोजन में रामनगरी की सांझी विरासत भी पुष्ट होती दिखी। मुख्यमंत्री ने जब आशीर्वाद और कन्यादान की बात कही तो करीब पचास हजार लोगों से भरा विवाहोत्सव परिसर तालियों से गूंज उठा, जयश्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष होने लगे। उधर, सांस्कृतिक मंच पर लोक कलाकारों के विवाह गीत सहित गारी से पूरा माहौल मंगलमय हो उठा।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने शुरूआत संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की। उन्होंने कहा कि डॉ.भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया है, संविधान की यही ताकत है, श्रमिक कन्याओं की शादी में प्रदेश सरकार स्वंय पहुंचकर कन्यादान कर रही है। इससे बड़ा पुण्य का कार्य क्या हो सकता है। सही मायने में समाज के अंतिम पायदान पर बैठे श्रमिकों को लाभ मिल रहा है। कहा कि कोरोना के दौरान भी हमने निवासी-प्रवासी जो भी श्रमिक थे, हर श्रमिक को भरण-पोषण भत्ता दिया। 54 लाख श्रमिकों के खाते मे भत्ता गया, बाद में अन्य राज्यों ने भी इस योजना को अंगीकार किया। कहा कि हमारे गांव में एक कहावत है गांव की बेटी, सबकी बेटी.. इसी भावना के साथ हम सभी 3915 कन्याओं के एक साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं, सामूहिकता का अहसास हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बाल विवाह, दहेज की प्रथा को तिलांजलि देकर समाज के प्रत्येक तबके की कन्याओं को सम्मान देने का काम हमारी सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं से हर तबके के लोगों को जोड़ा गया है। 43 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, 2.61 करोड़ शौचालय, 39 हजार ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया। जिन गांवों में बिजली नहीं थी वहां बिजली पहुंचाई गई। कहा कि यह  सरकार मजदूरों की ही नहीं, बल्कि गरीबों की शादी के लिए भी समाज कल्याण विभाग के  सहयोग से विवाह समारोह आयोजित कर रही है। इसका पूरा खर्चा भी उठा रही  है। इस सहायता से जहां इसमें स्वाजातीय विभाग के लोगों को 55 हजार प्रति  पुत्री, अंर्तजातीय विवाह को 61 हजार प्रति पुत्री एवं प्रत्येक वर-वधू के  उत्साह के लिए 5 हजार धनराशि दी जाती है। वहीं श्रमिकों के सामाजिक सहायता  हेतु 2 लाख का आर्थिक सहायता व 5 लाख का बीमा भी किया जाता है। ऐसे  विवाहों के आयोजन से बाल विवाह एवं दहेज आदि जैसी कुप्रथाओं पर रोक लग रही  है।

सीएम ने कहा कि 2017 के पहले स्थिति भयावह थी। दंगे होते थे, आराजकता का वातावरण था, महिला सुरक्षा गंभीर प्रश्न बन गया था। 2017 में जब हमारी सरकार आई तो हमने दंगा, भ्रष्टाचार, अराजकता मुक्त माहौल बनाने की प्रतिबद्धता से काम शुरू किया, आज प्रदेश में शांति का वातावरण है। मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा पर काम हुआ। पुलिस व शिक्षा भर्ती में बड़ी संख्या में महिलाओं को अवसर मिला। थाना व तहसीलों से लेकर गांव-गांव में मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम हो रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास का जो मंत्र है वह चरितार्थ हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा 11  शादी के जोड़ों को मंच पर बुलाकर आशीर्वाद दिया गया व उन्हें सम्मानित भी  किया गया।

इस अवसर पर   प्रभारी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक रामचंद्र यादव, वेद प्रकाश गुप्ता, शोभा सिंह चौहान, बाबा गोरखनाथ, राजेश गौतम, शरद अवस्थी समेत मंडल के अन्य जिलों के जनप्रतिनिधि समेत जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, बलराम मौर्या आदि ने भी वर-बधू को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव  सिंह, महानगर अध्यक्ष श्री अभिषेक मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक केपी सिंह, जिलाधिकारी  नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय सहित श्रम विभाग के अपर आयुक्त, उपायुक्तगण व स्थानीय  उपायुक्त, सहायक सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

खाते में भेजे गए 39.26 करोड़: श्रम मंत्री

श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या पूरे विश्व के सबसे बड़े सामूहिक विवाह का गवाह बना है। आज शादी समारोह के लिए यहां 46900 परिजन भी एकत्र हैं। 3915 जोड़ों का सामूहिक विवाह हो रहा है। सरकार ने इनके खाते में 39.26 करोड़ रूपए भेजे हैं। कांग्रेस, सपा व बसपा की सरकार इतना बड़ा आयोजन कभी नहीं कर पाई। शादी समारोह में हिंदू के अलावा मुस्लिम जोड़ों ने भी विवाह किया है। हिंदू-मुस्लिम भाईचारा का गवाह भी अयोध्या बन रही है। उन्होंने बताया कि अयोध्या से 1615 जोड़ों में 39 मुस्लिम, अमेठी में 631 जोड़ों में 32 मुस्लिम, बाराबंकी में 377 जोड़ों में 18 मुस्लिम, अंबेडकरनगर से 355 जोड़ों में 8 मुस्लिम और सुल्कानपुर से 947 जोड़ों में 41 मुस्लिम जोड़ों ने शादी रचाई है।

सामूहिक विवाह का आयोजन बड़ी उपलब्धि: रघुराज
सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रघुराज सिंह ने कहा कि इस तरह का आयोजन आज तक नहीं हुआ है। इतने बड़े स्तर पर करीब कन्याओं का विवाह कराया जाना बड़ी उपलब्धि है। कहा कि अब तक सरकार करीब पौने दो लाख गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुकी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

निचले पायदान को सुविधा देने को प्रतिबद्ध है सरकार: मन्नू लाल
राज्यमंत्री मन्नू लाल कोरी ने कहा कि हमारी सरकार निचले पायदान को सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को हमारी सरकार ने चरितार्थ किया है। इससे पहले की सरकारों ने गरीब की बात नहीं सुुनी, आज हमारी सरकार श्रमिकों की कन्याओं का कन्यादान कर रही है, यह ऐतिहासिक आयोजन है। पीएम के नेतृत्व में देश व सीएम के नेतृत्व में प्रदेश बदल रहा है।

पहले सिर्फ वादे होते थे, अब काम होता है: राजेश
कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने कहा कि पहले की सरकारों में सिर्फ वादे किए जाते थे, इस सरकार में काम का बोलबाला है। हर जगह परिवर्तन दिख रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार के सभी काम जमीन पर दिखाई देते हैं। इतने बड़े आयोजन का हिस्सा बनकर हम सभी भी गौरवान्वित हैं, हजारों कन्याओं का आशीर्वाद देने का अवसर पर पुण्यदायी है।

लौट रहा अयोध्या का पुरातन अस्तित्व: सांसद
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कन्याओं का विवाह ऐतिहासिक आयोजन है। अयोध्या का पुरातन अस्तित्व लौट रहा है। आज हर कोई अयोध्या आने को लालायित है, यह मोदी व योगी सरकार के विकास योजनाओं की ही देन है। अयोध्या की धरती पर हो रहा सामूहिक विवाह से पूरे देश को एक बड़ा संदेश जाएगा, ऐसे आयोजन ने विकास की नई परिभाषा गढ़ी है।

इतनी बड़ी संख्या में कन्यादान कर सरकार ने रचा इतिहास: महापौर
अयोध्या। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि शास्त्रों में तीन प्रकार के दान का महत्व बनाया गया है। कन्यादान, अन्नदान व गौदान। सरकार गरीबों को नि:शुलक राशन दे रही है, तो गौवंश का संरक्षण व संवर्धन किया जा रहा है आज सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार ने कन्यादान का भर पुण्य किया है। इतनी बड़ी संख्या में कन्यादान कर सरकार ने इतिहास रचा है।
 

...जब मुख्यमंत्री ने मंच पर तीन बच्चों को बुलाकर दुलारा

कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे तो तीन मासूम उनकी फोटो लेने का प्रयास कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें देखा तो, तत्काल मंच पर बुलवाया। मंच पर पहुंची बेटी ख्याति व आर्या समेत बेटा संस्कार के साथ मुख्यमंत्री ने न सिर्फ फोटो खिंचाई बल्कि दुलार भी किया। पूछा कि पढ़ाई करती हो कि नहीं, बच्चो के जवाब पर  कहा मेहनत से पढ़ना। कक्षा एक में पड़ रहे मासूम संकार ने कहा कि मुख्यमंत्री की गोद में बैठकर बहुत अच्छा लगा। ख्याति व आर्याने कहा कि खूब प्रेरणा मिली, घर जाकर मन से पढ़ूंगी।

गायत्री शक्तिपीठ अयोध्या के 350 आचार्यों ने कराया हिंदू जोड़ों का विवाह
जीआईसी के मैदान पर आयोजित भव्य समारोह में जोड़ों को हिंदू धार्मिक रीति-रिवाज से एक सूत्र में बांधने की जिम्मेदारी गायत्री शक्तिपीठ अयोध्या ने उठाई। इस दौरान 350 आचार्य, पंडितों आदि ने विवाह संपन्न कराया। संस्था के अयोध्या प्रमुख रामकेवल यादव ने बताया कि ऐसे समारोह की आज बहुत आवश्यकता है, यह हमारा मिशन भी है। उन्होंने सरकार को साधुवाद देते हुए कहा कि यह प्रदेश का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह समारोह है। संस्था से जुड़े रणजीत बहादुर सिंह (सुलतानपुर), सुमित वर्मा (हरिद्वार), कपिलदेव शर्मा (सुलतानपुर ने कहा इतने बड़ी संख्या में लोगों का विवाह कराना बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। डॉ. एसबी सिंह (देवकाली), देवेंद्र नारायन सिंह (सुलतानपुर), आरडी सिंह (अयोध्या) ने कहा कि विवाह के दौरान पूजन की समस्त सामग्री श्रम विभाग द्वारा उपलब्ध कराइ गई है। (संवाद)
 
138 मुस्लिम जोड़ों ने भी रचाई शादी

वृहद सामूहिक विवाह समारोह में 138 मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह कराया गया। इसके लिए करीब 15 काजी बुलाए गए थे। मुस्लिम परिवारों में शादी का उत्साह दिख रहा था। जिले के पांचों मंडल से आए परिवारों ने सरकार की इस योजना की तारीफ करते हुए कहा कि आज तक ऐसी योजना किसी ने नहीं चलाई, योगी सरकार गरीबों का भला कर रही है। बाराबंकी निवासी मो.वकील अपनी बेटी के निकाह में आए थे बोले कि बहुत ही अच्छा आयोजन है। कम से कम गरीबों का ध्यान दिया जा रहा है। सुल्तानपुर निवासी मुन्नन अली की बेटी की भी शादी हो रही थी, उनके चेहरे पर प्रसन्नता व संतोष के भाव झलक रहे थे कहा कि सरकार ने यह जो सुविधा दी है, काबिले तारीफ है। सुल्तानपुर निवासी जान मोहम्मद बोले कि सरकार की इस तरह की योजनाओं से गरीबों का भला होता है। सरकार ने हर वर्ग के विकास की बात की थी, उस पर काम भी कर रही है। अयोध्या के बीकापुर निवासी रमजान भी प्रसन्नचित थे कहा कि पहले इस तरह का आयोजन कभी नहीं हुआ। कन्यादान कर सरकार ने विश्वास जीता है तो पुण्य का भी काम किया है। अमेठी निवासी बरकत अली अपने बेटे का निकाह कराने आए थे, कहा कि हर गरीब परिवार को इसमें मौका मिला है, गरीबों को लेकर सरकार की जो मंशा है वह सराहनीय है, हम सरकार की कार्यप्रणाली से खुश हैं। अमेठी निवासी मुख्तार अली ने भी इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने वृहद स्तर पर जो आयोजन सरकार कर रही है, वह निश्चित रूप से एक नया संदेश देगी। निकाह करा रहे काजी मो.रईस बोले कि अगर किसी योजना से गरीबों का लाभ हो रहा है, उन्हें सहायता मिल रही है तो प्रसन्नता की बात है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed