सुशांत गोल्फ सिटी में हुई वारदात : रियल एस्टेट कारोबारी की संदिग्ध मौत, फ्लैट में मिला खून से लथपथ शव
सुशांत गोल्फ सिटी के एक अपार्टमेंट में व्यवसायी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मामले में हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुडंबा के किरन इंक्लेव निवासी रियल एस्टेट कारोबारी विनीत कुमार वर्मा (37) की हत्या कर दी गई। उनका शव सुशांत गोल्फ सिटी के नंदिनी इंक्लेव अपार्टमेंट के चौथी मंजिल स्थित फ्लैट में खून से लथपथ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक विनीत केपिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिवारीजनों के मुताबिक विनीत 27 दिसंबर से लापता था। उसकी अंतिम बार पत्नी से बातचीत हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी देवेंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक लखीमपुर खीरी के काशीनगर में रहने वाले रजनेश कुमार वर्मा का बेटा विनीत कुमार वर्मा रियल एस्टेट का कारोबारी था। रजनेश के मुताबिक वह लखनऊ के किरन इंक्लेव इंटीग्रल यूनीर्वसिटी के पास रहता था। विनीत ने आठ साल पहले प्रतिमा पाठक से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटियां सोना व शुभि हैं। प्रतिमा का मायका जानकीपुरम में था। पिछले साल कोविड में उसकी मां की मौत होने के बाद पत्नी वहीं रहती थी।
27 दिसंबर को हुई थी अंतिम बार बात
पिता रजनेश के मुताबिक विनीत 27 दिसंबर को घर से निकला था। उसकी पत्नी प्रतिमा से रात 8.30 बजे अंतिम बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आने लगा। प्रतिमा ने कई जगह उसकी तलाश की लेकिन नहीं मिला। पिता के मुताबिक विनीत कारोबार के सिलसिले से अक्सर शहर के बाहर भी जाता था। इसकी जानकारी उसने कई बार अपनी पत्नी को भी दी थी। 27 दिसंबर के बाद पत्नी व पिता ने कई बार उसके कॉल किया लेकिन उसके नंबर लगातार स्विच ऑफ बता रहे थे। विनीत चार नंबर प्रयोग करता था। परिजन उसकी तलाश में रिश्तेदार, दोस्तों से लगातार संपर्क कर रहे थे। हालांकि उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई थी।
टीवी कनेक्शन तक पहुंचे फ्लैट तक
विनीत के परिजनों लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और कई रिश्तेदार व दोस्तों से संपर्क किया। विनीत के एक दोस्त सुनील वर्मा से जब संपर्क किया गया तो सुनील ने बताया कि 3 नवंबर को उसने एक टीवी खरीद कर विनीत को गिफ्ट किया था। टीवी उसके न तो गुडंबा स्थित मकान में लगा था और न ही उससे ससुराल में लगी थी। इससे शक होने पर टीवी कहां भेजी गई थी। परिजनों व दोस्त से टीवी स्टॉल करने वाले रमन गुप्ता से संपर्क किया। रमन ने बताया कि उसने टीवी अवध विहार योजना के नंदनी इंक्लेव के फ्लैट नंबर बी-5 के 405 नंबर स्टॉल की थी। जिसके बाद उसके दोस्त 4 दिसंबर की शाम 4 बजे उस फ्लैट पर पहुंचे।
दरवाजा नहीं था लॉक, फ्लैट से आ रही थी दुर्गंध
मंगलवार शाम उस नंदनी इंक्लेव पर परिजन पहुंचे और गार्ड के साथ फ्लैट में गए। अंदर से दरवाजा बंद था लेकिन लॉक नहीं था। दरवाजा खोलते ही तेज दुर्गंध आ रही थी। फर्श पर विनीत का शव पड़ा था। इसकी सूचना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को दी गई। पुलिस अवध विहार योजना स्थित नंदनी इंक्लेव के चौथे तल पर स्थित फ्लैट पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दरवाजा भिड़ा हुआ था। धक्का देकर खोला गया, तो अंदर से भीषण दुर्गंध आ रही थी।
पंखे में बंधी थी टूटी रस्सी
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी देवेंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक छत पर लगे पंखे में एक रस्सी बंधी थी। वह टूट चुकी थी। रस्सी का कुछ हिस्सा विनीत के गले में पड़ा था। आशंका है कि विनीत ने आत्महत्या की है। विनीत का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया गया है। कॉल डिटेल्स के साथ ही अन्य चीजों की पड़ताल की जा रही है। सिक्योरिटी गार्ड के अनुसार विनीत कुछ दिनों से फ्लैट में किराए पर रह रहा था। अपार्टमेंट में उसकी कार व बिना नंबर बुलेट भी खड़ी मिली। फ्लैट में गृहस्थी का कुछ सामान भी मिला है। जिससे साफ है कि वह अक्सर यहां आता जाता था। पुलिस के मुताबिक कमरे के अंदर से महिला के कपडे़ व अन्य सामान मिले हैं। जिनको पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
परिवार की जानकारी के बिना किराए पर ले रखा था फ्लैट
इंस्पेक्टर के मुताबिक पड़ताल में विनीत के एक महिला से संबंधों की बात सामने आई है। पहले वह अवध विहार योजना में ही गंगोत्री अपार्टमेंट में किराए पर रहते थे। यहां एक महिला उनसे अक्सर मिलने आती थी। अगस्त से नंदनी इंक्लेव में किराए पर रह रहे थे। यहां भी एक महिला उनसे मिलने के लिए आती थी। विनीत अकसर अपनी पत्नी से शहर से बाहर जाने की बात कहकर इसी फ्लैट में रुकते थे।
सिर पर भारी वस्तु से वार की पुष्टि
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र विक्रम के मुताबिक देर शाम को विनीत के शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसके बाद परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। विनीत की मौत करीब एक सप्ताह पहले होने की पुष्टि हुई है। आशंका है कि उसे शराब पिलाकर मारा गया है। उसके सिर पर आगे व पीछे भारी सामान से वार करने की बात भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आई है। हत्या के बाद शव को पंखे से लटकाने की आशंका है। पुलिस इन बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक अपार्टमेंट में आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है। ताकि इस बात की पुष्टि हो सके कि वारदात के दिन विनीत केफ्लैट कौन-कौन आया था। इसकी जानकारी भी जुटाई है।