मॉल के लेडीज टॉयलेट में बना रहा था महिलाओं के अश्लील वीडियो, CCTV से पहचान कर गिरफ्तारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के विभूति खंड स्थित सिनेपोलिस मॉल के लेडीज टॉयलेट में मोबाइल से युवती का वीडियो बना रहे युवक को बुधवार शाम सुरक्षाकर्मियों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ सत्येंद्र कुमार राय का कहना है कि पीड़िता ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। ऐसे में युवक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
एसओ ने बताया कि मनीष मूलरूप से नोएडा का रहने वाला है और यहां गोमतीनगर के एल्डिको ग्रीन अपार्टमेंट स्थित किराये के फ्लैट में रहकर महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी में इंटर्नशिप कर रहा है। तीन नवंबर को वह सिनेपोलिस मॉल घूमने गया था।
इसी दौरान मौका पाकर वह तीसरी मंजिल पर स्थित लेडीज टॉयलेट में जाकर छिप गया। वहां एक युवती आई तो मनीष अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगा। यह देख युवती ने शोर मचाया तो मनीष भागा। युवती उसके पीछे दौड़ी। लेकिन मनीष भीड़ का फायदा उठाकर बच निकला।
फिर पहुंचा मॉल, दबोचा गया
युवती ने मॉल प्रबंधन से शिकायत की, जिसके बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई गई। इसमें मनीष टॉयलेट में घुसते और वहां से भागते हुए साफ नजर आ रहा था। इसके बाद से सुरक्षाकर्मियों के लिए फुटेज में दिख रहे युवक को देखते ही पकड़ने के निर्देश जारी किए।
फुटेज से चेहरा मिलाने के बाद बुलवा ली पुलिस
एसओ ने बताया कि बुधवार दोपहर मनीष फिर से सिनेपोलिस मॉल पहुंचा। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान लिया और मॉल प्रबंधन को सूचना दी। फुटेज से चेहरा मिलाने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस बुलवा ली।
थाने में युवती ने की पहचान
एसओ ने बताया कि मनीष को थाना ले जाया गया। पुलिस ने आरोप लगाने वाली युवती को भी बुलवाया। युवती ने मनीष की पहचान तो की पर शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मनीष के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। एसओ का कहना है कि मनीष ने गलती से मॉल के लेडीज टॉयलेट में घुसने की बात कही है।
उसका कहना था कि मोबाइल पर बात करते हुए उसे ध्यान नहीं रहा और वह लेडीज टॉयलेट में घुस गया। जब युवती ने शोर मचाया तो उसे गलती का अहसास हुआ और वह घबराकर भाग गया। उसने मोबाइल से किसी भी तरह का वीडियो न बनाने की बात कही।