{"_id":"623dcebe7e8eb91cac32f4f2","slug":"maharaj-s-rajtilak-new-goals-new-resolve-team-yogi-52-ministers-of-these-18-cabinet-14-ministers-of-state-with-independent-charge-20-ministers-of-state","type":"story","status":"publish","title_hn":"महराज का ‘राजतिलक’ : नए लक्ष्य, नए संकल्प की टीम योगी, 21 सवर्ण, 20 ओबीसी, 9 दलित, एक मुस्लिम, एक सिख","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महराज का ‘राजतिलक’ : नए लक्ष्य, नए संकल्प की टीम योगी, 21 सवर्ण, 20 ओबीसी, 9 दलित, एक मुस्लिम, एक सिख
Sat, 26 Mar 2022 03:55 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sat, 26 Mar 2022 03:55 PM IST
सार
मंत्रिमंडल में इस बार 31 नए चेहरे हैं। उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट तो कानपुर के कमिश्नर रहे आईपीएस अफसर असीम अरुण और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया है।
विज्ञापन
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
25 मार्च... समय... अपराह्न 4.20 बजे। स्थान... अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम। योगी आदित्यनाथ ने देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, प्रदेश की राजनीति में इतिहास रच दिया। वे लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। पांच साल का कार्यकाल पूरा कर चुनाव की अग्निपरीक्षा में खरा उतरने के बाद प्रदेश की सत्ता संभालने वाले वे इकलौते मुख्यमंत्री बन गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
योगीराज 2.0 में भी दो उप मुख्यमंत्रियों ने शपथ ली। हार के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य का कद बरकरार रखा गया है। वहीं, कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक का कद बढ़ाते हुए नया उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। डॉ. दिनेश शर्मा को इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने योगी के साथ 52 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें 18 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री और 20 राज्यमंत्री हैं। खास बात यह है कि इनमें 31 नए चेहरे हैं। नए मंत्रिमंडल के सामने नए संकल्प और लक्ष्य हैं। दो साल बाद ही लोकसभा का चुनाव होना है। योगी की नई टीम के सामने सुशासन को सुदृढ़ करने के साथ वर्ष 2024 की बड़ी चुनौती रहेगी।
विज्ञापन
किस वर्ग के कितने मंत्री
सामान्य वर्ग - 21
ओबीसी - 20
एससी - 8
मुस्लिम - 1
सिख - 1
एसटी - 1
सामान्य वर्ग
ब्राह्मण - 7
ठाकुर - 7
वैश्य - 3
भूमिहार - 2
खत्री - 1
कायस्थ - 1
पीएम मोदी के करीबी अरविंद शर्मा बने मंत्री, असीम अरुण, बेबी रानी मौर्य भी पहली बार बने मंत्री
मंत्रिमंडल में इस बार 31 नए चेहरे हैं। इनमें पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा भी हैं। वे गुजरात काडर के 1988 बैच के आईएएस रहे हैं। लंबे समय तक पीएमओ में रहे। उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट तो कानपुर के कमिश्नर रहे आईपीएस अफसर असीम अरुण और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया है।
दानिश आजाद... एक मात्र मुस्लिम मंत्री
योगी कैबिनेट में एकमात्र मुस्लिम 32 वर्ष के दानिश आजाद हैं। छह साल एबीवीपी से जुड़े रहे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रहे। हालांकि वे किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। पिछली बार मंत्री रहे मोहसिन रजा को इस बार मौका नहीं दिया गया है।
मंत्रिमंडल में पांच महिलाएं
बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट मंत्री, गुलाब देवी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, प्रतिभा शुक्ला, रजनी तिवारी व विजय लक्ष्मी गौतम को राज्यमंत्री बनाया गया है।
कैबिनेट मंत्री
केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश कुमार खन्ना, बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, जय वीर सिंह, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल नंदी, भूपेन्द्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान, अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय, आशीष पटेल, संजय निषाद।
पिछली बार मंत्री, अबकी नहीं मिली जगह
9 कैबिनेट मंत्री : डॉ. दिनेश शर्मा, सतीश महाना, रमापति शास्त्री, जयप्रताप सिंह, श्रीकांत शर्मा, सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टंडन, डॉ. महेंद्र सिंह, रामनरेश अग्निहोत्री।
8 राज्यमंत्री : डॉ. नीलकंठ तिवारी, अशोक कटारिया, श्रीराम चौहान, जय कुमार जैकी, मोहसिन रजा, अतुल गर्ग, सुरेश पासी।
आशीष पटेल व संजय निषाद कैबिनेट मंत्री
भाजपा ने सहयोगी पार्टी का पूरा ध्यान रखा है। अपना दल (एस) के एमएलसी आशीष पटेल को कैबिनेट मंत्री बनाया है। वे केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति हैं। वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
पीएम मोदी की मौजूदगी में योगी मंत्रिमंडल ने ली शपथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडल की शपथ ग्रहण के दौरान मंच पर मौजूद रहे। उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उपस्थित रहे।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री रहे मौजूद
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर, त्रिपुरा के विप्लब देव, असम के हिमंत विस्वा सरमा, गुजरात के भूपेंद्र भाई पटेल, उत्तराखंड के पुष्कर धामी, हिमाचल के जयराम ठाकुर, मणिपुर के बीरेन सिंह।