लखनऊ: राजधानी को मिली दो और आवासीय योजनाएं, नैमिष नगर-वरुण विहार की लॉन्चिंग 24 को; ऐसे करें आवेदन
Flats in Lucknow: यूपी की राजधानी लखनऊ में यदि घर बनाना का सपना देख रहे हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है।
विस्तार
कई बार से टल रही एलडीए की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजना अब 24 सितंबर को लॉन्च हो जाएगी। इसके लिए अब मुख्यमंत्री से सहमति मिल गई है। ऐसे में अब लॉन्चिंग के समय को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग जाएगा। इन योजनाओं से करीब चार लाख आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी। पहले चरण में करीब छह हजार भूखंडों का पंजीकरण खुलेगा और आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। एलडीए की जो योजनाएं लॉन्च होने वाली है उनमें सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर और आगरा एक्स्रप्रेस-वे स्थित वरुण विहार योजना शामिल है।
यह दोनों योजनाएं पहले 30 जून को लॉन्च होनी थी मगर उससे पहले ही 22 जून को अलीगंज की एक बिल्डिंग में हुए अग्निकांड के कारण लॉन्चिंग स्थगित हो गई थी। उसके बाद 14 सितंबर लॉच्निंग प्रस्तावित की गई लेकिन मुख्यमंत्री से समय न मिल पाने से फिर 21 सितंबर की प्रस्तावित हुई मगर यह भी आगे बढ़ गई है लेकिन अब 24 सितंबर की तारीख पक्की हो गई है। मुख्यमंत्री की समय को लेकर सहमति मिलने के बाद एलडीए ने लॉन्चिंग को लेकर फिर से तैयारी शुरू कर दी है। लाॅन्चिंग के कई बार टलने को लेकर अब यह चर्चा भी शुरू हो गई थी कि यदि 25 सितंबर से पहले योजनाओं का शुभारंभ नहीं हुआ तो फिर 25 से पित्र पक्ष शुरू हो जाएगा। ऐसे में शुभ दिन न होने से योजनाओं की लॉन्चिंग आगे बढ़ जाएगी और फिर वह नवरात्रि, दशहरा या दीपावली तक खिंच सकती है लेकिन अब सीएम की सहमति के बाद लॉन्चिंग पित्र पक्ष शुरू होने से पहले ही 24 को हो जाएगी। इससे लॉन्चिंग को लेकर जो असमंजस बना था वह टल गया है।
जानिए क्या होंगी दरें
वरुण विहार में 2800 और नैमिष नगर में 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट होगी जमीन एलडीए की ओर से जमीन के जो रेट तय किए गए हैं उनमें वरुण विहार में 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट और नैमिष नगर में 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट है। नैमिष नगर की जमीन महंगी होने को लेकर यह तर्क दिया जा रहा है कि यहां पर जमीन वरुण विहार से अधिक कीमत पर किसानों से खरीदी गई है। नैमिष नगर योजना पावन नैमिषारण्य धाम से प्रेरित है। यहां पर आध्यात्म और आधुनिक सुविधाओं का संगम होगा। योजना में मेडिटेशन सेंटर, एजुकेशन हब, मेडिकल हब, कल्चरल सिटी, कम्युनिटी पार्क और शॉपिंग स्ट्रीट होगी। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जिला एक उत्पाद का बाजार भी बनेगा। पंजीकरण ऑनलाइन होगा। इसके लिए एलडीए की बेवसाइट registration.ldalucknow.in पर होगा और बुकलेट के लिए 1100 रुपये अदा करने होंगे।