{"_id":"65a2c64813d013daa00561b7","slug":"lucknow-news-dcm-driver-murdered-on-outer-ring-road-dcm-found-parked-50-meters-away-2024-01-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News : आउटर रिंग रोड पर डीसीएम चालक की हत्या, 50 मीटर दूर खड़ी मिली डीसीएम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News : आउटर रिंग रोड पर डीसीएम चालक की हत्या, 50 मीटर दूर खड़ी मिली डीसीएम
Sat, 13 Jan 2024 10:50 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sat, 13 Jan 2024 10:50 PM IST
सार
पुलिस ने डीसीएम नंबर के आधार पर उसके मालिक और फिर मृतक परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में दुर्जनपुर गांव के पास आउटर रिंग रोड पर शनिवार सुबह एक डीसीएम चालक की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। सड़क पर ही डिवाइडर से सटा खून से लथपथ उसका शव पड़ा मिला। शव से करीब 50 मीटर दूर डीसीएम खड़ी मिली। पुलिस ने डीसीएम नंबर के आधार पर उसके मालिक और फिर मृतक परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस को शनिवार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि बीकेटी में दुर्जनपुर गांव के पास आउटर रिंग रोड पर एक युवक का शव पड़ा है। पास में ही डीसीएम खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि शव कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के जमामर्दपुर गांव निवासी प्रदीप यादव (26) का है। बृहस्पतिवार को वह माल लेकर दुबग्गा गए थे। जहां शुक्रवार रात गाड़ी अनलोड की गई। शनिवार सुबह करीब पांच बजे प्रदीप दुबग्गा से निकले थे। उसी के बाद उनकी हत्या की गई। डीसीपी नॉर्थ एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि सर्विलांस व सीसीटीवी की मदद से तफ्तीश की जा रही है। हर पहलू को देखा जा रहा है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
विज्ञापन
लूट के साक्ष्य नहीं, रोडरेज में हत्या की आशंका
डीसीएम मौके पर ही खड़ी मिली। उसमें चाभी भी लगी थी। प्रदीप का मोबाइल व उनकी जेब में रखे रुपये भी सुरक्षित थे। इससे पुलिस का कहना है कि लूट के विरोध में वारदात को अंजाम नहीं दिया गया है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप अकेले ही थे, उनके साथ कोई क्लीनर आदि नहीं था। वहीं, डीसीएम का अगला हिस्सा थोड़ा क्षतिग्रस्त है। ऐसे में आशंका है कि शायद रोडरेज के विवाद में प्रदीप की हत्या कर आरोपी भाग गए।
विज्ञापन
ताबड़तोड़ वार कर फाड़ दिया पेट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि प्रदीप पर धारदार हथियार से करीब एक दर्जन वार किए गए। अधिकतर वार पेट पर किए गए। जिससे पेट फट गया। इसके अलावा सीने, कूल्हे और कंधे पर भी वार किए गए। प्रदीप को किस नृशंसता से मारा गया, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट बयां कर रही है। पेट में जो वार किए गए उसमें धारदार हथियार को भीतर घुमा दिया गया। जिससे आंतें फट गईं। इससे अधिक रक्तस्राव हुआ और शॉक एंड हेमरेज से मौत हो गई।