लखनऊ : खनन माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर किया हमला, मुकदमा दर्ज
काले रंग की स्कार्पियो और डिजायर से आए बदमाशों ने टीम पर हमला कर गाड़ी छुड़ाकर भाग गए। गंभीर हालत में टीम ने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहनलालगंज के भागूखेड़ा गांव में रविवार देर रात दो लग्जरी कार सवार बेखौफ खनन माफिया अपने दर्जन भर साथियों संग खनन इंस्पेक्टर सहित उनके ड्राईवर व होमगार्ड पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह लाठी-डंडो से पिटाई कर जबरन अवैध खनन की मिट्टी लदा हुआ डम्फर छुड़ाकर भाग निकले। इसके बाद खनन इंस्पेक्टर घायलों संग मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत कर आरोपी खनन माफियाओं व उनके अज्ञात साथियों के विरूद्व हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बांधा सहित आधा दर्जन अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस जांच कर रही है।
खनन इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया रविवार की देर रात सिसेंडी व हिल्गी गांवो में बिना परमिशन अवैध मिट्टी खनन किये जाने की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच के लिये वो अपने ड्राईवर राज कुमार शुक्ला व होमगार्ड रामसेवक, रामदास,राजेश कुमार के साथ निकले थे। मोहनलालगंज के भागूखेड़ा में स्थित एक निजी कालेज के पास पहुंचने पर एक डम्फर मिला जिस पर 10 घनमीटर साधारण मिट्टी लदी थी। डम्फर चालक से मिट्टी से सम्बधित परमिशन व दस्तावेज मांगे गये तो वो नहीं दिखा सका। इसके बाद दो होमगार्ड को मिट्टी लदे डम्फर पर बिठाकर मोहनलालगंज कोतवाली लेकर चलने के लिये कहा गया।
उसी समय एक काले रंग की स्कार्पियो व स्विफ्ट डिजायर कार से आये संतोष यादव व अभिषेक यादव निवासी गौरी थाना सरोजनीनगर, कमल किशोर यादव निवासी उतरगांव, मोहनलालगंज ने अपने आधा दर्जन अज्ञात साथियों के साथ आकर जबरन डम्फर को रोक गाली-गलौज करने लगे। जब होमगार्डो ने चालक से डम्फर आगे बढ़वाया तो उक्त सभी उग्र हो गये ओर लाठी-डंडो से जानलेवा हमला कर खान अधिकारी दिनेश कुमार, ड्राईवर व होमगार्डो की बुरी तरह पिटाई कर लहूलूहान करने के बाद जबरन अवैध खनन की मिट्टी लदा डम्फर छुड़ाकर भाग निकले। इसके बाद घायल अवस्था में खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने अपने चालक व होमगार्ड के साथ मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस से पूरे मामले की लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया खनन इंस्पेक्टर दिनेश कुमार द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर तीन नामजद सहित कई अज्ञात के विरूद्व हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बांधा सहित आधा दर्जन अन्य गम्भीर धाराओ में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है।