लखनऊ: फूड फैक्ट्री में आग, 16 दमकल की गाड़ियों ने पांच घंटे में पाया काबू, धमाकों से सहमे इलाके के लोग
Huge fire in Lucknow: लखनऊ के अमौसी इलाके में फूड फैक्ट्री में लगी आग कितनी भयावह थी इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे बुझाने में 16 दमकल गाड़ियां पांच घंटे तक लगी रहीं।
विस्तार
सरोजनीनगर में शनिवार शाम को अमौसी स्टेशन रोड स्थित फूड फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस बीच ताबड़तोड़ कई धमाके भी हुई। हादसे में फैक्टरी मालिक आलमबाग के मवैया निवासी अखिलेश उर्फ पप्पू(46) व कर्मचारी बहराइच के नान पारा टेडिया निवासी अबरार (45) की जलकर मौत हो गई। दमकल कर्मियों ने 16 गाड़ियों से पांच घंटे में आग पर काबू पा लिया।
अमौसी स्टेशन रोड पर गंगाविहार में अखिलेश की स्वीटी फूड नाम से चार मंजिला फैक्टरी है। फैक्टरी डेढ़ साल से बंद चल रही थी। एडीसीपी दक्षिणी अमित कुमावत ने बताया कि फैक्टरी तीन दिन पहले ही दोबारा शुरू की गइ थी। शनिवार को शाम 4:30 बजे अखिलेश बेटे के साथ फैक्टरी पहुंचे थे। फैक्टरी पर पहले से वर्तमान में रह रहे सरोजनीनगर के जयराज पुरी कॉलोनी के अबरार व अन्य नौ कर्मचारी पहले से मौजूद थे। फैक्टरी में वेल्डिंग का काम चल रहा था। ऋतिक और अखिलेश फैक्टरी के बाहर खड़े थे। तभी वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से फैक्टरी में आग लग गई। यह देख अखिलेश और कर्मी अबरार भी अंदर चले गए और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों ने घटना की जानकारी दमकल को दी। इस बीच एडीसीपी दक्षिणी अमित कुमावत, एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय, एसडीएम सरोजनीनगर सचिन वर्मा, तहसीलदार, इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
केमिकल और ऑक्सीजन टैंक में धमाके से भड़की आग
देखते ही देखते आग विकराल हो गई और पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। लपटों की तपिश से ताबड़तोड़ फैक्टरी के छत पर रखे केमिकल और ऑक्सीजन टैंक एक बाद एक फटने लगे। इससे लोगों में दहशत मच गई। धमाके इतने तेज थे कि पड़ोसियों के मकान में लगी खिड़कियों के शीशे चिटक गए। फैक्टरी के बाहर खड़ी अखिलेश की कार को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
दो टीमों में बंट कर दमकल ने शुरू किया राहत कार्य
सीएफओ मंगेश कुमार और एफएसओ सरोजनीनगर दो गाड़ियों और टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकल कर्मी दो भागों में बंट गए और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। मगर आग और विकराल होती चली गई। ऐसे में फायर स्टेशन हजरतगंज, आलमबाग, चौक और पीजीआई से भी 12 गाड़ियां बुलाई गईं। एक टीम हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म पर चढ़कर छत तक पहुंची और आग पर काबू पाने लगी। जबकि दूसरी टीम नीचे रेस्क्यू कार्य कर रही थी।
एसडीआरएफ और दमकल ने निकाले शव
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पांच घंटे में आग को पूरी तरह से बुझा लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों को मालिक और कर्मचारियों के फैक्टरी में फंसे होने की जानकारी मिली। दमकल ने स्मोक एग्जॉस्ट से धुआं बाहर निकाला। फिर वीआर सेट पहनकर वे फैक्टरी में दाखिल हुए और दोनों का पता लगाने लगे। इस बीच एसडीआरएफ जवान भी मौके पर पहुंच गए। टीम ने दस मिनट में दोनों के शव बाहर निकाल लिए।
