{"_id":"6afc73e4e237eeb7c704c944","slug":"lucknow-false-story-of-a-shooting-concocted-to-frame-a-man-due-to-a-grudge-2026-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ: रंजिश में युवक को फंसाने के लिए रची फायरिंग की झूठी कहानी, प्रॉपर्टी डीलर पर कार्रवाई की तैयारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ: रंजिश में युवक को फंसाने के लिए रची फायरिंग की झूठी कहानी, प्रॉपर्टी डीलर पर कार्रवाई की तैयारी
Tue, 17 Nov 2026 09:03 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Tue, 17 Nov 2026 09:03 PM IST
सार
फायरिंग की सूचना पर जब पुलिस पहुंची थी तो कार का शीशा टूटा मिला। मामले की जांच में खुलासा हो गया। वहीं, सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज में भी आरोपी युवक की संलिप्तता नहीं मिली।
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
लखनऊ के चिनहट में सोमवार रात इमलिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर दीपक यादव ने पुरानी रंजिश में गांव के ही आशीष यादव को फंसाने के लिए फायरिंग की झूठी कहानी रच दी। उसने पुलिस को सूचना दी कि आशीष और उसके तीन साथियों ने देवा रोड पर उसकी कार पर चार राउंड फायरिंग की और पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। जांच में आरोप झूठा निकला। पुलिस की पूछताछ में दीपक ने सच्चाई कबूल कर ली।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, दीपक ने रात करीब 9:30 बजे यूपी-112 पर सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार का शीशा टूटा मिला लेकिन उस पर गोली के निशान नहीं थे। दीपक को भी कोई चोट नहीं आई थी। हालांकि, घटनास्थल से चार खोखे मिले।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने आशीष की तलाश की तो वह घर पर सोते मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह दोपहर 2:30 से रात 11 बजे तक टाटा मोटर कंपनी में ड्यूटी पर थे। पुलिस ने कंपनी के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो आशीष ड्यूटी खत्म होने के बाद घर जाते दिखे। घटनास्थल के फुटेज में भी बताए गए समय पर कोई बाइक सवार कार का पीछा करता नहीं दिखा। आशीष के भाई की लोकेशन भी उत्तराखंड में मिली।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर के मुताबिक, जांच में आशीष की संलिप्तता न मिलने पर उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में दीपक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
