लखनऊ: दिन में छाया रात के जैसा अंधेरा, कई क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाएं चलने से पारा एकदम से लुढ़का
Rain in Lucknow: लखनऊ में गुरुवार की सुबह मौसम एकदम से बदल गया। सुबह के नौ बजे रात जैसा अंधेरा हो गया। बादलों के साथ तेज बारिश हुई।
विस्तार
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से लखनऊ में पूर्वा और पछुआ हवाओं के समागम होने की वजह से यह आंधी और बरसात देखने को मिली है। लखनऊ में सुबह 8:30 बजे तक 7 मिमी. बारिश दर्ज की गई। जबकि एयरपोर्ट के इलाके में यह 2 मिमी. रिकॉर्ड की गई। लखनऊ व आसपास के जिलों बाराबंकी, रायबरेली,सीतापुर आदि में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
गेहूं की फसल को होगा नुकसान
इस आंधी और भारी बारिश से जिन किसानों की गेहूं की फसल अभी कटी नहीं है, उनके नुकसान की आशंका है। झोंकेदार हवाओं से, गेहूं की फसल लेट जाएगी और किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
यूपी: प्रदेश में बदला मौसम, कई जिलों में आंधी के साथ बारिश और ओले, 50 किमी प्रतिघंटा से चल सकती हैं हवाएं
बारिश के बाद कई हिस्सों में जलभराव और जाम
लखनऊ में गुरुवार की सुबह हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और जाम की स्थिति बन गई। गोमती नगर के अलावा शहर के कई पॉश इलाकों में जलभराव की हालत बन गई। बारिश की वजह से पॉलीटेक्निक चौराहे सहित कई जगह पर जाम की नौबत भी बनी।