{"_id":"625d8a1fe97dc7034153b9cb","slug":"lucknow-cm-yogi-gave-instructions-do-not-go-to-the-headquarters-without-any-reason-the-officers-of-tehsil-block-and-police-station-should-stay-at-their-place-of-posting-at-night","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ : सीएम योगी ने दिए निर्देश, अकारण मुख्यालय पर न जाएं, रात में अपने तैनाती स्थल पर ही रुकें तहसील, ब्लाक व थाने के अधिकारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ : सीएम योगी ने दिए निर्देश, अकारण मुख्यालय पर न जाएं, रात में अपने तैनाती स्थल पर ही रुकें तहसील, ब्लाक व थाने के अधिकारी
Mon, 18 Apr 2022 10:16 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 18 Apr 2022 10:16 PM IST
सार
अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि अकारण मुख्यालय पर न जाएं। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद शासन की ओर से सभी अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
तहसील, ब्लाक और थाने के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को रात में तैनाती स्थल पर न रुकना भारी पड़ सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को रात में अपने तैनाती स्थल पर ही रुकने के सख्त निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि अकारण मुख्यालय पर न जाएं। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद शासन की ओर से सभी अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।
विज्ञापन
दरअसल, सरकार का जोर अब ऊपर से नीचे तक प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने पर है। शासन को कई बार ऐसी शिकायतें मिलती हैं कि एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ तथा अन्य समकक्ष अधिकारी रात में अपने तैनाती स्थल पर रुकने के बजाय मुख्यालय चले जाते हैं। इससे कई बार आम लोगों को अधिकारियों तक अपनी समस्याएं पहुंचाने में दिक्कत आती है। इसी के मद्देनजर अधिकारियों को रात में तैनाती स्थल पर ही रुकने को कहा गया है।
विज्ञापन
सरकार का मानना है कि अधिकारी अपने क्षेत्र में रहेंगे तो नागरिकों की समस्याएं तत्काल उनके पास पहुंचेगी और उसका त्वरित निराकरण हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधिकारी तहसील, ब्लाक, थाने से संबंधित शिकायतों को निचले स्तर पर निपटाएं जिससे शिकायतें जिला व शासन स्तर तक पहुंचने की नौबत न आए। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी आवास उपलब्ध न होने की दशा में अधिकारी व कर्मचारी सरकारी किराए पर आवास लेकर तैनाती स्थल पर ही रहें।
विज्ञापन
टीकाकवर से वंचित न रहे कोई : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड की स्थिति की समीक्षा के दौरान सोमवार को 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को बूस्टर डोज लगाए जाने में तेजी की अपेक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए कि लक्षित आयु वर्ग का कोई भी नागरिक टीकाकवर से वंचित न रहे। कहा कि प्रदेश में 700 निजी टीकाकरण केंद्रों पर बूस्टर डोज लगवायी जा सकती है। इन केंद्रों तथा बूस्टर डोज के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक किया जाए।
115 नए मरीज मिले
प्रदेश में बीते 24 घंटों में 83 हजार 864 सैंपल की जांच की गई। इनमें से 115 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए संक्रमितों में सबसे ज्यादा 65 गौतमबुद्धनगर, 20 गाजियाबाद और 10 लखनऊ के हैं। अन्य जिलों में 10 से कम मरीज मिले हैं। 29 लोगों ने संक्रमण को मात भी दी है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 695 हो गई है। अब तक 30 करोड़ 75 लाख 99 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं।