पथराव और बवाल के बाद देर रात फूंक दी गई एलयू कैंपस की कैंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय के जानकीपुरम स्थित नए परिसर में गुरुवार को हुई मारपीट और पथराव के बाद रात करीब पौने तीन बजे कैंटीन में आग लग गई। जब तक दमकल पहुंचती काफी सामान जल गया। यह वही कैंटीन है जहां गुरुवार को उसके संचालक व विवि के कर्मचारी सुभाष के बीच विवाद हुआ था।
कुछ कर्मचारियों का यह आरोप है कि कैंटीन को लॉ के छात्रों ने ही फूंका है। वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड से शनिवार तक पूरी जांच रिपोर्ट तलब की है।
छात्रों को बुरी तरह घायल करने और परिसर का माहौल खराब करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विवि प्रशासन का दोनों कर्मचारियों के लिए सख्त रवैया नजर आ रहा है। शुक्रवार को सुभाष और सुनील नाम के दोनों कर्मचारी विवि कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों को लेकर चीफ प्रॉक्टर प्रो. निशि पांडेय और कुलसचिव कार्यालय के चक्कर लगाते नजर आए।
विवि के ही कुछ कर्मचारी इन दोनों कर्मचारियों को बचाने का प्रयास करने के लिए मामला खत्म करवाने में लगे हैं। दोनों कर्मचारियों ने प्रो. निशि के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने किसी छात्र को घायल नहीं किया बल्कि छात्रों ने उन पर हमला किया था लेकिन खुद ही घायल हो गए।
तीनों कैंटीन पर लगे ताले
विवि परिसर में फिलहाल तीनों कैंटीन बंद कर दी गई हैं। परिसर में दो कैंटीन पूर्व में मारपीट होने केकारण बंद की गई थीं। इसके बाद पराग बूथ नाम की केवल एक यही कैंटीन अवैध रूप से चल रही थी। इसे भी बंद करने के निर्देश दिए जा चुके थे। शुक्रवार की घटना के बाद सख्ती दिखाते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने इस कैंटीन को बंद करवा दिया है।
विवि में मारपीट, पथराव, आगजनी और अवैध रूप से कैंटीन के संचालन को कुलपति प्रो. निमसे ने भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने कर्मचारी और छात्र के बीच मारपीट के साथ ही लॉ और मैनेजमेंट छात्रों के बीच मारपीट की भी विस्तृत रिपोर्ट प्रॉक्टर ऑफिस से मांगी है। विवि के प्रवक्ता प्रो. एनके पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. निशि पांडेय का कहना है, छात्रों पर कैंटीन जलाने का आरोप गलत है। शुक्रवार को घटना के बाद से ही हॉस्टल के बाहर पीएसी तैनात थी। जब आग बुझाने दमकल की गाड़ी पहुंची तो उसे जाली तोड़नी पड़ी। वहां किसी के अंदर जाने की जगह तक नहीं थी।
नए परिसर में प्रॉक्टोरियल बोर्ड से आग लगने के कारण पूछे गए हैं। शनिवार को रिपोर्ट मिलने पर ही कुछ कहा जा सकता है। कर्मचारियों का पक्ष भी सुन लिय गया है। शनिवार को वीसी को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।