लखनऊ। कोरोना के चलते लखनऊ विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेज फिलहाल 10 अप्रैल तक बंद रहेंगे। ऐसे में लविवि प्रशासन ने नए महाविद्यालयों को संबद्धता देने और संचालित महाविद्यालयों में स्नातक व परास्नातक के नए विषयों की मान्यता देने के लिए नई समय सारिणी जारी की है। प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और लविवि द्वारा ऑनलाइन संबद्धता देने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है।
नए पाठ्यक्रमों को शुरू करने के लिए एनओसी के लिए 15 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल नए बीएड महाविद्यालयों को संबद्धता नहीं दी जाएगी। एनओसी के आवेदन को लेकर राजस्व विभाग द्वारा भूमि संबंधित अभिलेखों का सत्यापन करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। 10 मई तक ऑनलाइन एनओसी जारी की जाएगी। वहीं, लविवि प्रशासन की ओर से 20 मई तक निरीक्षण मंडल का गठन किया जाएगा, जो भवन आदि संसाधनों का निरीक्षण कर पांच जून तक अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी और 15 जून तक संबद्धता देने की कार्यवाही पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद भी कॉलेज चाहें तो शासन में अपील कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। वहीं, अपील निस्तारित करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की गई है। विवि के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों को संबद्धता देने और विषयों की मान्यता देने के लिए नई समय सारिणी को लविवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। जिले में लविवि से संबद्ध 174 कॉलेज हैं जबकि हरदोई, सीतापुर, रायबरेली और लखीमपुर खीरी के 350 कॉलेज भी लविवि से जुड़ गए हैं। नए शैक्षणिक सत्र में ये सब लविवि के संबद्धता व मान्यता के नियमों के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे।