अश्लील वीडियो बनाकर मकान मालिक बाप-बेटे ने महिला से ठगे 18 लाख रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के ठाकुरगंज के सरफराजगंज रोड स्थित किराए पर रहने वाली महिला से मकान मालिक परवेज अहमद व उसके बेटे ने जालसाजी कर 18 लाख रुपये हड़प लिए। इसकी शिकायत करने गई महिला को धमकी दी कि उसकी अश्लील वीडियो सोशल साइट पर वायरल कर देंगे।
पीड़िता ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी। इस पर सोमवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी फरार हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अनपढ़ है। उसके पति खाड़ी देश में रहते हैं। लखनऊ में उसका भारतीय स्टेट बैंक व यूनियन बैंक में खाता है।
इन्हीं खातों में पति हर महीने रकम भेजते हैं। मकान मालिक के बेटे रजा मेंहदी उर्फ फहमी से वह अक्सर रुपये निकालने में मदद लेती थीं। शुरू में कोई परेशानी नहीं हुई। इसके बाद फहमी ने उसके पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए। पूछने पर फहमी ने बताया कि जब भी जरूरत होगी वह रुपये निकाल कर दे देगा।
धीरे-धीरे फहमी, उसके पिता परवेज और मां शम्मो की नीयत खराब होने लगी। उसके खाते से चुपके से रकम निकालने लगे। इसकी जानकारी होने पर उसने शिकायत की तो तीनों उसे धमकाने लगे।
पति ने विरोध किया तो कर दी पिटाई
महिला ने बताया कि फहमी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उसे दिखाकर अक्सर वह आर्थिक शोषण करता था। जब खाते से रुपये निकालने की पुष्टि हुई तो महिला ने विरोध किया। इस पर फहमी और परवेज ने कहा कि अगर रुपये की मांग करोगी तो अश्लील वीडियो सोशल साइट पर वायरल कर दूंगा। साथ ही तुम्हारे पति को भी दिखा दूंगा। इसके बाद तुम्हारा तलाक हो जाएगा। इसी वीडियो के जरिये दोनों ने अश्लील फोटो भी निकाल ली थी।
महिला ने बताया कि फरवरी में उसका पति लखनऊ पहुंचा। उसने घर बनाने के लिए जमीन देखी। रजिस्ट्री कराने के लिए छह अप्रैल को रुपये मांगे तो खाते में रुपये नहीं थे। रकम के बारे में सही जानकारी न होने पर पति ने उसकी पिटाई भी की। जब नौबत तलाक तक पहुंची तो उसने सारी जानकारी पति को दी।
इस पर वह शिकायत करने पहुंचा तो मकान मालिक परवेज और उसके बेटे फहमी ने पिटाई कर दी। यही नहीं, कमरे में बंद कर आग लगाकर मारने की भी कोशिश की। इस दौरान महिला ने अपने परिचितों को फोन कर बुलाया तो पति की जान बची।
महिला ने बताया कि दोनों ने जालसाजी कर उसके खाते से 18 लाख रुपये निकाल लिए। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज राघवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मारपीट, जालसाजी और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार है। तलाश की जा रही है।