नामांकन से पहले युवराज को सबक सिखाएंगे विश्वास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेठी से चुनाव लड़ने जा रहे आम आदमी पार्टी नेता कुमार विश्वास आज अमेठी से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे लेकिन इसके लिए वह 12 किलोमीटर पद यात्रा करेंगे।
कुमार का कहना है कि वह अमेठी से गौरीगंज तक पदयात्रा कर नामांकन करेंगे। कुमार के अनुसार उड़नखटोलों की राजनीति बदलने के लिए उन्होने यह फैसला लिया है।
रोड शो व लंबी गाड़ियों के काफिले की बजाए ‘आप’ नेता कुमार विश्वास 15 अप्रैल को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने गौरीगंज पैदल ही जाएंगे। विश्वास ने कहा कि वह हेलीकॉप्टर से चलने वाले नेताओं को सबक सिखाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि गेस्टहाउस व उड़नखटोलों की राजनीति बदलने के लिए वे यह कदम उठा रहे हैं। आज सुबह सात बजे वे शहर के गौरीगंज मार्ग स्थित देवीपाटन मंदिर में पत्नी सहित पूजा-पाठ कर यात्रा शुरू करेंगे।
पूर्व मंत्री भी होंगे विश्वास के साथ
दोपहर करीब 12 बजे तक यात्रा गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचेगी। यहां थोड़ी देर रुकने के बाद एक बजे वे समर्थकों संग कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
विश्वास ने कहा कि उनके समर्थक पैदल चलने का फैसला खुद कर सकते हैं। वे चाहें तो वाहन से भी गौरीगंज पहुंच सकते हैं।
नामांकन में दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज भी शामिल होंगे। कुमार विश्वास पिछले ढ़ाई महीने से अमेठी मे हैं और प्रचार कर रहे हैं। उनका विश्वास है कि इस बार जनता वंशवाद की राजनीति को नकार देगी।
अब अमेठी में केजरीवाल का होगा रोड शो
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 20 से 22 अप्रैल तथा एक व दो मई को अमेठी संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो व जनसभाएं करेंगे।
27 से 29 अप्रैल तक मनीष सिसौदिया भी अमेठी में कई स्थानों पर जनसभाएं करेंगे। दिल्ली सरकार में मंत्री रही राखी बिड़लान 27 अप्रैल से अमेठी में नुक्कड़ सभाएं व जनसपंर्क करेंगी।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने देश के बड़े नेताओं के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ खुद अरविंद केजरीवाल चुनावी मैदान में हैं तो चांदनी चौक से कपिल सिब्बल के खिलाफ आशुतोष मैदान में हैं।