मासूम ने किया खुलासा- मम्मी हमें पीट रही थीं, पापा ने आकर गला दबा दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मम्मी हमें पीट रही थीं, इस बीच पापा आ गए। फिर मम्मी-पापा में खूब झगड़ा हुआ और पापा ने उनका गला दबा दिया। तीन साल के मासूम ने नानी और पुलिस के आगे अपनी मां की मौत का राज उजागर किया।
महिला की मौत को खुदकुशी बताने वाले पति के हवाइयां उड़ने लगीं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पोस्टमार्टम में फांसी की पुष्टि से गुत्थी उलझने लगी है।
एसओ सआदतगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि मोहल्ला यासीनगंज रामनगर कृष्णपुरी कॉलोनी में रहने वाले एक रेस्टोरेंट के बावरची रियाज उर्फ ननकऊ की पत्नी मंतशा (26) की मंगलवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
रियाज उसे बलरामपुर अस्पताल ले गया। डॉक्टरों द्वारा मंतशा को मृत घोषित किए जाने पर उसने वजीरगंज के गोलागंज में रहने वाली अपनी सास आसमां को फोन किया। आसमां अपने पति रिजवान के साथ आननफानन में अस्पताल पहुंचीं।
बच्ची ने नानी के सामने खोला ये राज
रियाज ने उन्हें बताया कि मंतशा को कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका देखकर उसने उतारा और ट्रॉमा सेंटर ले गया। इसके बाद बलरामपुर अस्पताल लाया था। मंतशा के गले पर नीला निशान नजर आ रहा था।
शक होने पर आसमां सच्चाई जानने के इरादे से बेटी की ससुराल पहुंची। तीन साल के अनसल को पुचकारा तो वह अपनी मां की मौत के राज उजागर करने लगा। बोला कि शरारत करने पर मम्मी उसे पीट रही थीं। इस बीच पापा घर आ गए।
उसे रोते देख मम्मी को डांटा तो दोनों में झगड़ा होने लगा। इस पर पापा ने दुपट्टे से उनके गले पर दुपट्टा कस दिया था। मम्मी बेहोश होकर गिर पड़ी। पापा ने उनके गले से दुपट्टा हटाया और अस्पताल ले गए थे।
मासूम नाती से अपनी बेटी की हत्या का राज पता करके आसमां ने सआदतगंज थाने पहुंचकर हत्या का केस दर्ज कराया। उसके साथ थाने पहुंचे बच्चे ने भी अपने पिता द्वारा मां का गला घोंटने की जानकारी दी।
बेटी को अक्सर पीटता था दामाद
मंतशा के मायके वालों ने गला दबाने के बाद फंदे से लटकाए जाने की आशंका जताई है। एसओ का कहना है कि महिला पुलिसकर्मियों की मदद से बच्चे से बातचीत कराकर अन्य जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी।
आसमां ने पुलिस को बताया कि सात साल पहले उसने रियाज से अपनी बेटी मंतशा की शादी की थी। कुछ दिनों बाद से रियाज व उसकी बहन शबनम ने मंतशा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
हालात सामान्य होने की आस में ससुराल में रह रही मंतशा ने आलिया (5) व अनसल (3) को जन्म दिया। रेस्टोरेंट में बावरची का काम करने वाला दामाद रियाज द्वारा मामूली बात पर झगड़ना और पीटना जारी रहा। आलिया 15 दिन से ननिहाल में थी।