{"_id":"663cf15b5c236a5e1101d38d","slug":"jp-nadda-said-to-win-knock-the-doorbell-of-every-house-meet-the-voters-at-least-three-times-before-the-elec-2024-05-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"जेपी नड्डा बोले: जीत के लिए खटकाएं हर घर की कुंडी, चुनाव के पहले कम से कम तीन बार मिलें वोटर से","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जेपी नड्डा बोले: जीत के लिए खटकाएं हर घर की कुंडी, चुनाव के पहले कम से कम तीन बार मिलें वोटर से
Fri, 10 May 2024 12:13 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Fri, 10 May 2024 12:13 AM IST
सार
JP Nadda: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने लखनऊ में पांचवे चरण की लोकसभा सीटों पर हो रहे चुनाव प्रचार की समीक्षा की। लखनऊ क्लस्टर के साथ उन्होंने अलग से बैठक की।
विज्ञापन
अभिवादन करते जेपी नड्डा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश मुख्यालय पर पांचवें चरण की लोकसभा सीटों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के दौरान जीत के लिए हर घर कुंडी खटखटाने का आह्वान किया। वहीं चुनाव प्रचार और जनसंपर्क अभियान की समीक्षा में पन्ना प्रमुख पर जोर देते हुए कहा कि वह अपने पन्ने के सभी वोटों पर फोकस करें। बूथ प्रबंधन की टीम विशेष योजना पर काम करे। हर वोटर से कम से कम तीन-चार बार संपर्क हो जाये। वोटिंग के दिन पहले अपना, परिवार और पड़ोसियों का वोट डलवाकर फिर पार्टी द्वारा दिये गये अभियान पर काम करें।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को राजधानी आए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह आदि की मौजूदगी में पांचवें चरण की सीटों पर चुनाव तैयारियों को परखा और बूथ प्रबंधन के अहम मंत्र देकर पदाधिकारियों में जोश भरा। उन्होंने लखनऊ लोकसभा क्लस्टर की भी अलग से बैठक की। वहीं केंद्रीय स्तर पर दिए गए अभियानों की स्थिति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। हमें किसी भी वोट को नजरअंदाज नहीं करना है।
विज्ञापन
हर वोटर तक पहले पत्रक पहुंचाने के लिए, दूसरी बार प्रत्याशी की अपील के लिए और तीसरी बार चुनाव पर्ची पहुंचाने के लिए संपर्क करना है। लाभार्थियों, प्रबुद्ध लोगों, युवा वोटर्स, सामाजिक समूहों तक भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। उनका वोट पार्टी को मिले, इसके लिए आवश्यक कार्य किए जायें।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दस साल के अभूतपूर्व कार्यों के चलते भाजपा को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। कहीं किसी प्रकार की समस्या नहीं है, हमें आवश्यकता है तो केवल मतदाता से संपर्क करने की। पन्ना प्रमुख और बूथ समितियों के साथ ही बूथ पर रहने वाले भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी लेनी होगी।
तीन चरणों में अच्छा प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि पिछले तीन चरणों में भाजपा ने देश और प्रदेश में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। आने वाले चरणों में भाजपा सभी सीटें जीते, इसके लिए सबको अपनी जिम्मेदारी सौ फीसदी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक और एमएलसी अपने क्षेत्रों में जनता के बीच पार्टी के पक्ष में माहौल बनायें। इस बार जीत का मार्जिन बढ़ाने के लिए काम करना है।