आधी रात को छापेमारी: 32 करोड़ की मार्फिन बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार; ड्रग्स तस्करी का नया अड्डा बन रहा लखनऊ!
लखनऊ में नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस टीम की संयुक्त छापेमारी में 32 करोड़ की मार्फिन बरामद हुई। मौके से दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस इनका नेटवर्क पता लगाने में जुटी है। आगे पढ़ें विस्तार से...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित महिपत मऊ गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान टीम को करीब 32 करोड़ रुपये की अवैध मार्फिन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से बाराबंकी निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
एसीपी बीनू सिंह के अनुसार, एएनटीएफ लखनऊ यूनिट और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात करीब 11 बजे महिपत मऊ गांव में कार्रवाई की। इस दौरान बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र स्थित मोहसंद टिकैतगंज गांव निवासी जुहैल (25) और उसके साथी अमजद (22) को गिरफ्तार किया गया है।
पिस्टल, कारतूस और छह मोबाइल भी मिले
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 6.400 किलोग्राम अवैध मार्फिन बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 32 करोड़ आंकी गई। इसके अलावा एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मिस कारतूस भी बरामद हुई। दो आईफोन और चार कीपैड मोबाइल फोन भी मिले हैं। इसके अलावा एक बाइक, एक स्कूटी और 16,170 रुपये नकद बरामद हुए।
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
मॉर्फिन की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच की जा रही है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही, इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और आरोपियों के पास मिले हथियारों के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।