Polytechnic exam: पॉलिटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी, अलीगढ़ की रिया सिंह ओवरऑल टॉप
ग्रुप ए व ओवरऑल टॉपर के साथ अलीगढ़ की रिया सिंह ने महिला वर्ग में भी टॉप किया है। महिला वर्ग में दूसरे स्थान पर ग्रुप ए की ही देवरिया की प्रतीक्षा सिंह और तीसरे स्थान पर ग्रुप ए की बस्ती की राजश्री चौधरी रही। वहीं के3 ग्रुप में लखनऊ के पार्थ गुप्ता ने टॉप किया है।
विस्तार
प्रदेश की निजी व सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार शाम को जारी किया गया। ग्रुप ए (इंजीनियरिंग डिप्लोमा) में अलीगंढ़ की रिया सिंह ने प्रथम स्थान (ओवरऑल प्रथम स्थान) प्राप्त किया है। प्रवेश परीक्षा में कुल 94.06 प्रतिशत अभ्यर्थी अर्ह पाए गए हैं। अभ्यर्थी संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
ग्रुप ए व ओवरऑल टॉपर के साथ अलीगढ़ की रिया सिंह ने महिला वर्ग में भी टॉप किया है। महिला वर्ग में दूसरे स्थान पर ग्रुप ए की ही देवरिया की प्रतीक्षा सिंह और तीसरे स्थान पर ग्रुप ए की बस्ती की राजश्री चौधरी रही। वहीं के3 ग्रुप में लखनऊ के पार्थ गुप्ता ने टॉप किया है। पार्थ ने 220 अंक प्राप्त किया है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम प्राविधिक शिक्षा के प्रमुख सचिव सुभाष चंद शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई अधिशासी समिति की बैठक में घोषित किया गया।
प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा प्रदेश के45 जनपदों में 27 जून से एक जुलाई तक 122 परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन आयोजित की गई थी। प्रवेश परीक्षा के लिए 2,66,696 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से कुल 1,85,169 (69.43 प्रतिशत) अभ्यर्थी ही प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिनमें से 1,74,160 (94.05 प्रतिशत) अभ्यर्थी अर्ह पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपना परीक्षा परिणाम परिषद की वेबसाइट पर लॉगइन या फिर आवेदन पत्र संख्या और जन्मतिथि से प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा अन्नावि दिनेश कुमार, प्राविधिक शिक्षा के निदेशक मनोज कुमार और संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद केसचिव राम रतन समेत कई मौजूद रहे।
सीटों के सापेक्ष करीब 54 हजार छात्र हुए कम
सीटों के सापेक्ष अर्ह छात्रों की संख्या करीब 54 हजार कम है। प्रदेश के 154 राजकीय, 19 अनुदानित और 1177 निजी पॉलीटेकिभनक की 2,28,527 सीटों पर प्रवेश होने हैं, लेकिन अर्ह छात्रों की संख्या महज 1,74,160 है। दरअसल सीटों के सापेक्ष प्रवेश परीक्षा में ही कम छात्र सम्मिलित हुए थे। ऐसी स्थिति में इस बात की संभावना प्रबल है कि काउंसलिंग के अंतिम चरणों में सीधे छात्रों को सम्मिलित होने का अवसर दिया जाएगा। काउंसलिंग आठ चरणों में ऑनलाइन होगी। छात्र अपने अपने स्थान से ही ऑनलाइन काउंसलिंग में सम्मिलित हो सकेगा।
यह हैं प्रत्येक ग्रुप के टॉपर
ग्रुप अभ्यर्थी स्थान
ए रिया सिंह अलीगढ़
बी मोहित वर्मा गाजीपुर
सी हिमांशु पांडेय प्रयागराज
डी अरविंद कुमार उन्नाव
ई अतुल कुमार सिंह कुशीनगर
एफ रक्षा चौधरी मथुरा
जी पंकज कुमार गौतमबुद्घ नगर
एच रवि कुमार झा बुलंदशहर
आई मोहम्मद आदिल कन्नौज
के1 सूर्य प्रकाश मिश्रा महाराजगंज
के2 सुनील सिंह प्रयागराज
के3 पार्थ गुप्ता लखनऊ
के4 आदित्य आनंद मेरठ
के5 शुभांगी गुप्ता वाराणसी
के6 राकेश कुमार वर्मा श्रावस्ती
के7 काव्य गुप्ता सीतापुर
के8 अशोक कुमार कन्नौज
पॉलिटेक्निक में दाखिले के लिए काउंसलिंग शिड्यूल तय नहीं
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने पॉलिटेक्निक में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम तो जारी कर दिया लेकिन अभी तक काउंसलिंग शिड्यूल तय नहीं किया है। आमतौर पर रिजल्ट जारी होने के अगले ही दिन से काउंसलिंग के तहत पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाती थी। इस बार काउंसलिंग कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि विभिन्नबोर्ड परीक्षा परिणामों में लेटलतीफी होेने की वजह से काउसलिंग कार्यक्रम तय नहीं किया गया। विभाग की मानें तो 15 अगस्त के बाद काउंसलिंग शुरू होगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव राम रतन ने बताया कि काउंसलिंग के शिड्यूल को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। काउंसलिंग ऑनलाइन होगी और आठ चरणों में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि संस्थान की फीस काउंसलिंग के माध्यम से ही जमा होगी।