समाज में नफरत फैलाने वाला वीडियो वायरल करने वाले चार धरे गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूट्यूब पर विवादित गाना अपलोड कर समाज में नफरत फैलाने के आरोप में चार लोगों को साइबर क्राइम सेल व हजरतगंज पुलिस ने शुक्रवार सुबह दबोच लिया। इसमें म्यूजिक कंपनी का मालिक राजेश वर्मा, गायक वरुण उपाध्याय और गीतकार संतोष यादव व मुकेश पांडेय हैं।
पुलिस ने उनके पास से मोबाइल व वीडियो की असली प्रति हासिल की और उसे यूट्यूब से भी डिलीट करवा दिया। मालूम हो कि इस मामले में सचिवालय चौकी प्रभारी सुभाष सिंह ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इंस्पेक्टर हजरतगंज राधारमण सिंह के नेतृत्व में टीम तैयार की थी।
साइबर क्राइम सेल के नोडल अधिकारी व क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को यूट्यूब और ट्विटर पर सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले व समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले वीडियो की जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि उक्त वीडियो जनता म्यूजिकल एंड पिक्चर्स ने बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया था। इसके बाद पुलिस टीम ने कंपनी मालिक राजेश वर्मा को गिरफ्तार किया।
अन्य सोशल मीडिया फॉर्मेट में भी तलाशा जा रहा है गाना
पूछताछ के बाद गायक वरुण उपाध्याय ‘बहार’ और गीतकार संतोष यादव व मुकेश पांडेय को दबोच लिया गया। सीओ के मुताबिक, राजेश कुमार वर्मा अलीगंज के कंचनपुरम त्रिवेणीनगर का रहने वाला है।
जबकि गायक वरुण गोंडा के मनकापुर का, संतोष यादव और मुकेश पांडेय का भी घर गोंडा में है। सीओ के मुताबिक, चारो से पूछताछ की जा रही है। यूट्यूब के अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी वीडियो को खंगाला जा रहा है।