बिशप बोले, कहीं यादव तो नहीं थे प्रभु यीशु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘मुझे लगता है कि कहीं प्रभु यीशु यादव तो नहीं थे, क्योंकि उनका जन्म गौशाला में ही हुआ था। यह बात मैथोडिस्ट चर्च ऑफ इंडिया के बिशप व आईटी कॉलेज के चेयरमैन फिलिप एस मसीह ने कही।
उन्होंने आईटी पीजी कॉलेज में हॉस्टल के उद्घाटन व क्रिसमस कंटेटा कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की खूब तारीफ की।
उन्होंने कहा कि आईटी कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट मुख्यमंत्री के दीवाने हैं। राजनीति में अखिलेश यादव व डिंपल से खूबसूरत कोई जोड़ी नहीं है। इन्हें बच्चे चाहते हैं और बुर्जुग दिल से आशीर्वाद देते हैं।
बिशप फिलिप एस मसीह ने कहा कि प्रभु यीशु गौशाला में जन्मे थे। इसलिए हमें तो लगता है कि वे यादव ही थे। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब तालियां भी बजाईं। खासकर आईटी कॉलेज की छात्राओं ने तो खड़े होकर काफी देर तक तालियां बजाईं।
सपा सरकार में हमारे धर्म के लोग बिल्कुल निश्चिंत
एस फिलिप ने कहा कि राज्य में सपा सरकार के रहते हमारे धर्म के लोग बिल्कुल निश्चिंत हैं। हमारे पास कई जगहों से फोन आए कि मसीही समाज पर हमला हो सकता है।
कोई कह रहा था कि दिसंबर में शुरूआत में होगा तो किसी ने कहा कि क्रिसमस के समय हो सकता है लेकिन यहां पर सीएम अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार पर हमें पूरा भरोसा है। हम यहां पर अपने आपको पूरी तरह सुरक्षित समझते हैं।
मिशनरी स्कूल व कॉलेजों की दिल खोलकर प्रशंसा
वहीं, मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि मिशनरी स्कूल-कॉलेज उच्च कोटि की शिक्षा दे रहे हैं। सरकार की ओर से अच्छी शिक्षा देने के लिए जो कोर-कसर रह जाती है, वे सही मायने में यही मिशनरी संस्थान पूरा कर रहे हैं। अखिलेश के साथ कार्यक्रम में बेटी टीना और टिम भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिशनरी स्कूल व कॉलेजों की दिल खोलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लॉरेटो, लॉ-मार्ट्स व आईटी कॉलेज कोई भी मिशनरी स्कूल व कॉलेज हो सभी गुणवत्तापरक शिक्षा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आईटी पीजी कॉलेज को हॉस्टल बनाने के लिए वित्तीय मदद सरकार ने दी है, आगे भी पूरी वित्तीय मदद दी जाएगी। कहा कि सरकार की ओर से साइकिल ट्रैक बनवाया जा रहा है। अब कोशिश होगी कि साइकिल ट्रैक को स्कूलों से जोड़ा जाए, ताकि बच्चे आराम से स्कूल तक जाएं।
मुख्यमंत्री की बेटियों ने काटा विशेष क्रिसमस केक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की लैपटॉप योजना से काफी स्टूडेंट्स लाभान्वित हुए। अब हम मेधावियों को ही लैपटॉप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्राओं की ओर से प्रभु यीशु के गुणगान में विशेष गीत गाए गए।
इसमें वंदना करते हैं हम, ह्दय को तेरे सामने लाकर रखते हैं हम। सुन ले मेरे भाइयों, मसीहा मेरा दुनिया में आया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रेसिडेंट डॉ. ईएस चार्ल्स, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरविंद सिंह गोप, जंतु एंव उद्यान मंत्री डॉ. एसपी यादव, विवेकानंद पुरी वार्ड के पार्षद शैलेन्द्र सिंह बल्लू सहित बड़ी संख्या मे गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दोनों बेटियां भी कार्यक्रम में विशेष मेहमान के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने अपनी मां व कन्नौज की सांसद डिम्पल यादव के साथ केक काटा। कार्यक्रम में आईटी कॉलेज के चेयरमैन बिशप फिलिप एस मसीह ने कहा कि यह हमारे लिए गौरवपूर्ण क्षण हैं कि मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ यहां पर पधारे हैं।
प्रोजेक्टर से धुंआ उठने से चौकन्ने हुए सुरक्षाकर्मी
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यक्रम में मुख्य ऑडिटोरियम में ऊपर बालकनी में लगे प्रोजेक्टर से अचानक धुंआ उठने लगा। इस पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी चौकन्ने हो गए। प्रोजेक्टर में तार जलने से अचानक धुंआ उठने लगा था, उसे काबू में लाया गया।
मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने कार्यक्रम में कई बार मंच व नीचे रखीं कुर्सियों को बदलवाया। सुरक्षाकर्मियों ने बैठ-बैठकर देखा कि कुर्सी ठीक हैं या नहीं। एक बार कुर्सियां रिजेक्ट की तो सोफा रखा गया फिर सोफा हटाकर कुर्सिया रखीं गई। आयोजक अपने पसीने पोंछ रहे थे।
मंच पर युवा सीएम और छात्राओं का जोश सातवें आसमान पर
आईटी पीजी कॉलेज के मंच पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी पत्नी व सांसद डिंपल यादव व दोनों बेटियों टीना और टिम के साथ मंच पर बैठे थे।
वहीं, ऑडिटोरियम में ऊपर बॉलकनी में लड़कियां बैठी लगातार तालियां बजा रहीं थी। जब कार्यक्रम खत्म हुआ तो कार्यक्रम में गीत गा रही लड़कियों ने मुख्यमंत्री के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाने की गुजारिश की तो आयोजकों ने उनकी फोटो मुख्यमंत्री के परिवार के साथ खिंचवाई।