IPL MATCH: इस बार धोनी को भूल राहुल की दीवानगी में दिखे लखनऊ वाले, छाई रहीं नीली जर्सियां, बजे भोजपुरी गाने
Lucknow Super Giants: शनिवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए मैच में दर्शक पूरी तरह से लखनऊ की टीम के साथ थे। चेन्नई के साथ हुए मैच के दौरान अधिकतर दर्शक पीली जर्सी पहनकर आए और धोनी का सपोर्ट किया था
विस्तार
सप्ताह भर पहले लखनऊ का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम महेंद्र सिंह धोनी की चाह में पीले रंग से रंग गया था। शनिवार को जब लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच शुरू हुआ तो इकाना एक बार फिर से अपने पुराने रंग में रंग गया। जो दर्शक सात दिन पहले धोनी के मुरीद हुए थे उन पर फिर से केएल राहुल की दीवानगी छाई रही।
चेन्नई के साथ लखनऊ में हुए पिछले मैच में सड़क से लेकर मैदान तक पीला रंग छाया हुआ था। यहां तक कि चेन्नई की जर्सी भी लखनऊ की जर्सी से महंगी बिक रही थी। शनिवार को यह माहौल बदल गया। इस बार लखनऊ की जर्सी ही दर्शकों की पहली पसंद रही। दर्शक केएल राहुल और लखनऊ की नीली जर्सी में कुर्सियों पर जमे हुए थे। एलएसजी के कप्तान राहुल अब उनकी पहली पसंद थे। राहुल ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया और इस मैदान पर ताबड़तोड़ अंदाज में लगातार अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।
मयंक यादव को देख दर्शक उत्साहित
आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड बनाने वाले मयंक यादव अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। लखनऊ में ही हुए मैच के दौरान मांसपेशी में खिंचाव की वजह से कुछ मैच के लिए वे बाहर हैं। ऐसे में हर मैच से पहले दर्शक प्लेइंग इलेवन में उनका नाम तलाशते हैं। शनिवार को भी ऐसा ही हुआ। अंतिम 11 में उनका नाम न देखकर दर्शकों को निराशा हुई। हालांकि बाउंड्री के पास जब वे नजर आते तो दर्शक मयंक मयंक के नारे लगाते। मयंक ने भी उनको निराश नहीं किया और हर बार उनका अभिवादन स्वीकार किया। राजस्थान की जोरदार शुरुआतलखनऊ के 196 रन के जवाब में राजस्थान ने भी खूब रंग जमाया। यशस्वी जायसवाल ने पहले ओवर से ही गेंदबाजों की कुटाई शुरू कर दी। इसका नतीजा यह हुआ कि पॉवर प्ले में ही राजस्थान की टीम साठ रन के करीब पहुंच गई।
भरा मैदान, सीढ़ियों पर बैठ गए लोग
मैच में इस बार धोनी, कोहली या रोहित शर्मा नहीं थे। इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों में गजब का उत्साह था। आलम यह था कि मैच शुरू होने के 15 मिनट बाद तक जो कुर्सियां खाली थीं वे घंटे भर में लगभग सभी भर गईं। लोगों ने भी अपनी कुर्सी तलाश करने की जरूरत नहीं समझी और एक के बाद एक नीचे सीढि़यों पर बैठना ही शुरू हो गए। इसकी वजह से आने जाने वालों को कुछ परेशानी भी हुई पर क्रिकेट की दीवानगी के चलते न किसी ने बुरा माना और न ही किसी ने कोई शिकायत ही की।
बल्लेबाजी नहीं तो गेंदबाजी में छाए स्टाइनिक्स
चेन्नई के खिलाफ पिछले मैच में अपनी बल्लेबाजी से मैच जिताने वाले मार्कस स्टाइनिक्स इस मैच में शून्य पर ही आउट हो गए। ऐसे में उनके प्रशंसकों को निराशा हुई। हालांकि अपने पहले ही ओवर में उन्होंने लखनऊ को अहम सफलता दिलाकर दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
आएं हैं यूपी बिहार लूटने....
छूट गया सैमसन का बल्ला
मैच में रवि विश्नोई पहली बार सोलहवें ओवर में गेंदबाजी करने आए। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने पहली ही गेंद पर तेजी से बैट घुमाया। गेंद उनके बल्ले पर आई तो जरूर पर बैट उनके हाथ से छूटकर काफी दूर जाकर गिरा।