{"_id":"68348d9a328c8aecc008eeae","slug":"ipl-2025-lucknow-can-spoil-bangalore-s-game-in-the-last-match-of-the-tournament-2025-05-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"आईपीएल 2025: टूर्नामेंट के आखिरी मुकाबले में लखनऊ बिगाड़ सकती है बंगलूरू का खेल, विराट से बड़ी पारी की उम्मीद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आईपीएल 2025: टूर्नामेंट के आखिरी मुकाबले में लखनऊ बिगाड़ सकती है बंगलूरू का खेल, विराट से बड़ी पारी की उम्मीद
Mon, 26 May 2025 09:19 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Mon, 26 May 2025 09:19 PM IST
सार
27 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ व बंगलूरू के बीच होने वाले मुकाबले में लखनऊ की टीम बड़ा उलटफेर कर सकती है। मुकाबले में विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
विज्ञापन
लखनऊ में अभ्यास के दौरान विराट कोहली।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
जब से आईपीएल में प्लेऑफ की तस्वीर साफ हुई है, उलटफेर भरे मुकाबलों की बाढ़ सी आ गई है। कुछ इसी आस में लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू का शिकार करने उतरेगी। खिताब की होड़ से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ के पास मुकाबले में खोने के लिए कुछ भी नहीं है, लेकिन बंगलूरू की एक और हार उसे अंक तालिका में शीर्ष दो में पहुंचने से रोक देगी। ऐसे में विराट कोहली एंड कंपनी को हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा। हालांकि यह इतना भी आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि लखनऊ सुपरजायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखती है। यहां जीत के लिए बंगलूरू के गेंदबाजों को एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा।
विज्ञापन
कोहली से विराट पारी की उम्मीद
रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू की बल्लेबाजी काफी कुछ विराट कोहली के इर्दगिर्द घूमती रही है। लखनऊ के खिलाफ जीत में उन्हें अपनी टीम के बल्लेबाजी क्रम की अगुआई करनी होगी। 12 मुकाबलों में 60.88 की औसत से 548 रन बनाने वाले दिग्गज बल्लेबाज के अलावा फिल सॉल्ट (10 मैच 301 रन), रजत पाटीदार (12 मैच में 257 रन) और टिम डेविड (12 मैच में 187 रन) को अच्छा खेलना होगा। टीम में शामिल हरफनमौला खिलाड़ी क्रुणाल पंड्या (12 मैच में 15 विकेट और 105 रन) भी मुश्किलें बढ़ा सकते हैं, जो लखनऊ के लिए तीन सत्र में खेल चुके हैं। गेंदबाजी में बंगलूरू का दारोमदार यूपी की तेज जोड़ी भुवनेश्वर कुमार (11 मैच में 13 विकेट) और यश दयाल (12 मैच में 10 विकेट) पर होगा, जिन्हें इकाना स्टेडियम में खेलने का अनुभव है। इसके अलावा नदीगी और रोमारियो शेफर्ड भी लखनऊ के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
विज्ञापन
जीत से मिलेगा अगले सत्र के लिए मनोबल
नए कप्तान ऋषभ पंत और मेंटर जहीर खान के निर्देशन में कलेवर में आईपीएल खेलने उतरी लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए प्लेऑफ से बाहर होना निराशाजनक रहा। ऐसे में सत्र के आखिरी मुकाबले में टीम जीत के साथ अगले आईपीएल के लिए मनोबल जुटाने का प्रयास करेगी। बल्ले से पूरी तरह नाकाम रहे 27 करोड़ी ऋषभ पंत के पास खुद काे साबित करने का आखिरी मौका होगा, जो अभी तक 13 मैच में 13.72 की मामूली औसत से महज 151 रन बना पाए हैं। कप्तान की नाकामी के बावजूद लखनऊ का बल्लेबाजी क्रम आला दर्जे का रहा, जिसमें मिचेल मार्श (12 मैच में 560 रन), निकोलस पूरन (13 मैच में 511 रन) और एडन मार्करम (13 मैच में 445 रन) धाकड़ बल्लेबाज शामिल हैं। गेंदबाजी आक्रमण टीम प्रबंधन के लिए सबसे बड़ी परेशानी का विषय रहा। जीत के अनोखे जश्न को लेकर चर्चा में आए दिग्वेश राठी ही अभी तक प्रभावी दिखे हैं, जिन्होंने 12 मुकाबलों में 12 मैच में 28.07 की औसत से 14 विकेट अपनी झोली में डाले हैं।
विज्ञापन
हेड टू हेड
| कुल मैच खेले | 5 |
| बंगलूरू जीता | 3 |
| लखनऊ जीता | 2 |
लखनऊ सुपरजायंट्स के सामने घर से विदाई की चुनौती
प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए आईपीएल का 18वां संस्करण बुरे सपने की तरह रहा। इकाना स्टेडियम में टीम का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। अभी तक खेले छह मुकाबलों में लखनऊ को महज दो में जीत मिली, जबकि चार में टीम को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में मेजबानों का लक्ष्य अपने घरेलू मैदान में जीत से विदाई का होगा, लेकिन विराट कोहली एंड कंपनी को हराना आसान नहीं होगा। टीम के लिए कप्तान पंत की नाकामी के अलावा गेंदबाजी विभाग का खराब प्रदर्शन निशाने पर रहा, जबकि विदेशी खिलाड़ी मसलन मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन ने अपनी बल्लेबाजी से टीम को कई बार जीत दिलाई। मंगलवार को होने वाले मुकाबले में एक बार फिर मेजबान टीम को जिताने के लिए इन खिलाड़ियों को दमदार खेल दिखाना होगा।
इकाना स्टेडियम में हुए मुकाबलों पर एक नजर
| एक अप्रैल | पंजाब ने आठ विकेट से जीता |
| चार अप्रैल | लखनऊ 12 रन से जीता |
| 12 अप्रैल | लखनऊ छह विकेट से जीती |
| 14 अप्रैल | चेन्नई पांच विकेट से जीता |