लखनऊ। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए डीएम विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने मंगलवार डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर व पारा स्थित बुद्धेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम ने मंदिर मार्गों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने, व्यापक साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार, पार्किंग प्लान और क्राउड मैनेजमेंट योजना लागू करने के निर्देश दिए। मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, राउंड-द-क्लॉक अधिकारियों की तैनाती, एंबुलेंस, मेडिकल कैंप, पेयजल टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। बुद्धेश्वर मंदिर में नो-व्हीकल जोन व्यवस्था, अलग प्रवेश-निकास द्वार और संयुक्त कंट्रोल रूम से सीसीटीवी मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई। जरूरत पड़ने पर कैमरों की संख्या बढ़ाने और आसपास की नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर नगर आयुक्त सहित नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)