कुल्फी में निकला जहरीला कीड़ा, दो की हालत बिगड़ी
हजरतगंज के मोती महल रेस्टोरेंट में शनिवार शाम जहरीले कीड़े वाली कुल्फी खाने से एक फौजी और उसके बच्चे की तबीयत खराब हो गई। फौजी ने कुल्फी का बचा हिस्सा पुलिस को सौंपने के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल यादव ने बताया कि गुडंबा का गायत्रीपुरम निवासी फौजी शिवाशीष त्रिपाठी अपने चार वर्षीय बेटे हर्षवर्धन को मोती महल रेस्टोरेंट में कुल्फी खिलाने ले गया था।
कुल्फी खाने के दौरान शिवाशीष को उसमें हरा कीड़ा नजर आया। कुल्फी में जहरीला कीड़ा देकर शिवाशीष ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को कीड़ा युक्त कुल्फी दिखाने के साथ नाराजगी जताई लेकिन प्रबंधन ने अनसुना कर दिया।
जानलेवा हो सकता था पूरी कुल्फी खाना
इस दौरान तबीयत बिगड़ती महसूस होने पर शिवाशीष ने पुलिस को सूचना दी और हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर बची कुल्फी इंस्पेक्टर को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद वह बेटे को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा। इलाज कराने के बाद उसने मोती महल रेस्टोरेंट के मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिवाशीष का कहना है कि कीड़ा नजर आ जाने पर उसने व उसके बेटे ने कुल्फी छोड़ दी थी। यदि दोनों लोग पूरी कुल्फी खा लेते तो जानलेवा हो सकता था।
पुलिस ने कुल्फी का नमूना जांच के लिए भेजा है। विवेचक को मोती महल रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज चेक करने के निर्देश दिए गए हैं।