टी-20 : भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में, दिख सकता है वैभव सूर्यवंशी का जलवा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच मंगलवार को इकाना में होने वाले मुकाबले के पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने अभ्यास किया। इस दौरान कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों की तैयारियों को परखा। माना जा रहा है कि मंगलवार को होने वाले मुकाबले में सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है।
विस्तार
एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 शृंखला की शुरुआत करेगी। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम का लक्ष्य एशियाड की सफलता को जारी रखते हुए पहले मैच में जीत हासिल करना होगा। दोनों टीमों में पावर हिटर्स की भरमार देखते हुए अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में रनों की बारिश होना तय है। टीम इंडिया का दारोमदार आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर होगा। कप्तान श्रेयस अय्यर को भी बल्लेबाजी से उपयोगिता साबित करनी होगी।
अभ्यास सत्र में वैभव-नितीश ने लगाए लंबे-लंबे छक्के
इकाना स्टेडियम में एक तरफ नेट्स में वैभव सूर्यवंशी और दूसरी ओर से नेट्स पर नितीश रेड्डी। दोनों बल्लेबाजों के बीच स्थानीय गेंदबाजों पर लंबे शॉट जड़ने की प्रतिस्पर्धा शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक चले दोनों बल्लेबाजों के अभ्यास सत्र में वैभव सूर्यवंशी ने बाजी मारते हुए लंबे-लंबे छक्कों से समां बाध दिया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को होने वाले टी-20 मुकाबले से पहले पूर्व संध्या पर टीम इंडिया के गिनती के खिलाड़ी अभ्यास करने पहुंचे। इसमें सूर्यवंशी और रेड्डी के अलावा स्पीडस्टार मयंक यादव और प्रिंस यादव ने नेट्स पर लंबे समय तक गेंदबाजी की।
इस अभ्यास सत्र के दौरान टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर की नजर खिलाड़ियों पर टिकी रही। खासतौर पर उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी को ध्यान से देखा। ऐसा लगा कि गंभीर उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम एकादश में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पर तरजीह दे सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो ईशान किशन विकेटों के पीछे कीपिंग करते हुए दिखेंगे।
देर शाम पहुंचे भारतीय खिलाड़ी
जापान एशियाई खेलों से इकाना स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी शामिल रहे, जबकि अन्य खिलाड़ियों का लखनऊ आने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। ऐसे में कप्तान श्रेयस समेत अन्य खिलाड़ियों के मंगलवार को मुकाबले में सीधे उतरने की उम्मीद जताई जा रही है।
टी-20 में युवाओं को मौका देना प्राथमिकता: मोर्ने मोर्केल
भारतीय टीम के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हर मैच जीतना प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ ही नए और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जाएगा। एशियाई खेलों के तुरंत बाद चल रही टी-20 मुकाबले पर उन्होंने कहा कि लंबी यात्रा के बाद खिलाड़ियों में थोड़ी थकान जरूर है, लेकिन सीरीज की शुरुआत के साथ टीम पूरी ऊर्जा से मैदान में उतरेगी।
टीम प्रबंधन का मकसद आगामी टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों का मजबूत पूल तैयार करना है। मोर्केल ने तेज गेंदबाज मयंक यादव की चोट से वापसी पर खुशी जताते हुए उनके एक्स-फैक्टर की तारीफ की। साथ ही प्रिंस यादव जैसे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव देने को भारतीय क्रिकेट के लिए अहम बताया।
बल्लेबाजों में उन्होंने अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने और जिम्मेदारी लेने की क्षमता को सराहा। इसके अलावा, शिवम दुबे और नितिश रेड्डी को अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है, जबकि स्पिन विभाग में कुलदीप यादव की लय में वापसी को भारतीय टीम के लिए प्लस पॉइंट माना जा रहा है।
हम टीम इंडिया को कड़ी टक्कर देंगे : अकील हुसैन
मुकाबले से पहले पत्रकारों से बातचीत में अकील हुसैन ने भारत के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड को दरकिनार करते हुए कहा जो बीत गया, वह अतीत था। हम भारत से डरने वाले नहीं हैं और टी-20 में आक्रमकता जारी रखेंगे। उन्होंने पावरप्ले में गेंदबाजी को चुनौतीपूर्ण माना और कहा कि मुझे लगता है कि सामान्य तौर पर भारत के खिलाफ पावरप्ले में गेंदबाजी करना काफी डरावना होता है, खासकर जब आप स्पिनर हों। पिच पर आपके पास काम करने के लिए कम जगह होती है और फिर आपके दो खिलाड़ी बाहर होते हैं। जब आपके पास अच्छी बल्लेबाजी वाली पिचें हों और ये खिलाड़ी ऊंचे स्ट्राइक रेट से रन बनाते हों तो यह और भी मुश्किल हो जाता है।