भवन सील करने गई एलडीए टीम से अभद्रता, एसडीएम की पत्नी ने किया हंगामा
गोमतीनगर विस्तार के गायत्रीपुरम में बिना मानचित्र बन रहे व्यावसायिक भवन को सील करने पर एलडीए टीम के साथ अभद्रता हुई। एसडीएम पद पर तैनात एक प्रशासनिक अधिकारी की पत्नी और साथ आए लोगों ने सील लगाने पर हंगामा कर दिया।
एलडीए चौकी की पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही यहां भवन को सील किया जा सका। कुल चार अवैध निर्माण जोन-1 की प्रवर्तन टीम ने सील किए हैं। विहित प्राधिकारी पीसी पांडेय के आदेश पर बृहस्पतिवार को अधिशाषी अभियंता केके बंसला की टीम ने अवैध निर्माण सील कराने की कार्रवाई की।
इसी कार्रवाई में गायत्रीपुरम पटेलपुरम में दो मंजिला व्यावसायिक उपयोग के लिए बने भवन को सील किया जाना था। अवर अभियंता सरोज कुमार ने बताया कि यह यह निर्माण एसडीएम की पत्नी अलका जायसवाल ने नाम पर है।
अन्य कांप्लेक्स भी किये गए सील
इसके अलावा सेक्टर-6 में मलेशेमऊ में एसके दुबे व अन्य का कांप्लेक्स भी सील कर किया गया है। सेक्टर 1 में 1/178 पर बने गोदाम को भी सील कर दिया गया।
अर्जुनगंज में हाइवे पर बन गया अवैध कॉम्प्लेक्स
सुल्तानपुर में अर्जुनगंज में हाइवे पर बीसीसी टॉवर के बगल में बेसमेंट और भूतल पर करीब एक दर्जन दुकानें बन गईं। इनके व्यावसायिक उपयोग भी शुरू हो चुके थे।
निर्माण पूरा होने के बाद यहां अवैध निर्माण सील करने की याद आई। यह उस समय है जबकि इस कॉम्प्लेक्स से सटे अपार्टमेंट के अवैध निर्माण पर लगातार एलडीए के इंजीनियर्स की निगाह बनी रहती है।