राज्य कर्मियों के बाद इन्हें भी मिली बढ़े वेतन की सौगात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के संविदा कर्मचारियों का वेतन बढ़ गया है। सरकार ने अब इन्हें भी राज्य कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता दे दिया है। इस निर्णय से विभाग के बाल विकास परियोजना अधिकारी से लेकर चपरासी तक का वेतन बढ़ जाएगा।
यूं तो संविदा, नियत वेतन, मानदेय के आधार पर जो कर्मचारी नियुक्त हैं उन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह पद के अनुरूप वेतन बैंड व ग्रेड पे की न्यूनतम राशि के साथ ही समय-समय पर अनुमन्य महंगाई भत्ता देने का निर्णय पहले ही किया जा चुका है। लेकिन बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के संविदा कर्मियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा था।
बाल विकास निदेशालय ने अपने यहां के कर्मियों के लिए प्रदेश सरकार को पत्र लिखा। वित्त विभाग की स्वीकृति लेने के बाद महिला एवं बाल विकास अनुभाग ने इन कर्मचारियों को भी नियमित कर्मियों की तरह महंगाई भत्ता देने का निर्णय किया है।
इसका लाभ संविदा पर कार्यरत सीडीपीओ, मुख्य सेविका, लिपिक, वरिष्ठ संप्रेक्षक, कार्यालय सहायक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सभी को मिलेगा। सरकार से आदेश आने के बाद निदेशक आनन्द कुमार सिंह ने सभी जिलों को तत्काल इसे लागू करने के निर्देश दिए हैं।
लेकिन कम्प्यूटर ऑपरेटर पाएंगे कम
प्रदेश सरकार ने सभी पदों पर कार्यरत संविदा कर्मियों का वेतन बैंड व ग्रेड पे तय करते हुए महंगाई भत्ता देने का आदेश तो जारी कर दिया है, लेकिन इसमें कम्प्यूटर ऑपरेटर को खासा नुकसान हुआ है।
उन्हें जो पुराना वेतन मिलता था उससे अब कम मिलेगा। दरअसल, कम्प्यूटर ऑपरेटर को सरकार ने 5200 रुपये ग्रेड वेतन देने के साथ 2400 के ग्रेड पे पर रखा है। ऐसे में अब इनका वेतन 15732 रुपये बन रहा है। जबकि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के कम्प्यूटर ऑपरेटर 15880 रुपये पहले ही पाते थे।
किसे कितना फायदा
पदनाम--पुराना वेतन--वर्तमान वेतन
बाल विकास परियोजना अधिकारी--15880--27945
मुख्य सेविका--9910--16560
लेखा लिपिक/कनिष्ठ लिपिक--8270--14904
वरिष्ठ संप्रेक्षक--16000--16560
कम्प्यूटर सहायक--15880--15732
कार्यालय सहायक--8500--14904
चतुर्थ श्रेणी--8270--14490