बख्शी का तालाब। नगर पंचायत बीकेटी के कमलाबाद बढ़ौली वार्ड 6 में गोल्डेन सिटी कालोनी की मुख्य सड़क तीन साल में नहीं बन सकी है। नगर पंचायत से लेकर विधायक से कई बार पत्राचार हुआ। नतीजा आश्वासन तक सिमट कर रह गया।
कालोनी के रहने वाले हर्ष मिश्रा, सर्वजीत मिश्रा, संतोष पाएडेय, रामकांत मिश्रा, भाजपा बूथ अध्यक्ष अजय मिश्रा, भाजपा बूथ अध्यक्ष अनुपम मिश्रा, राम औतार गुप्ता, सत्य प्रकाश, त्रिलोकी समेत बड़ी संख्या में गोल्डेन सिटी कोलानीवासियों ने कहा कि बारिश में यहां के हालात खराब हो जाते हैं। नगर पंचायत बीकेटी में सभासद गोल्डी रावत से लेकर उनके प्रतिनिधि अतुल मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गनेश रावत से आठ बार शिकायत की गई मगर सुनवाई न हुई। विधायक योगेश शुक्ला ने आश्वासन भी दिया था कि वह सड़क बनवा देंगे, मगर कुछ काम नहीं हुआ। बीकेटी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी इंद्रभान ने बताया कि जानकारी मिलने पर कालोनी का निरीक्षण किया गया है। बजट आते ही प्रस्ताव बनाकर इसका निर्माण कराया जाएगा।