आईआईएम लखनऊ ने जारी किया CAT-2017 का कार्यक्रम, देखें पूरा कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित किये जाने वाला कॉमन एडमीशन टेस्ट (कैट) 2017 इस बार 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस बार टेस्ट के आयोजन की जिम्मेदारी आईआईएम लखनऊ को दी गई है। जिसने शनिवार को इसका कार्यक्रम जारी कर दिया। वहीं रविवार को कैट 2017 बुलेटिन भी जारी कर दिया जाएगा।
कैट 2017 समन्वयक प्रो. नीरज द्विवेदी ने बताया कि 26 नवंबर रविवार को कैट दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन नौ अगस्त से शुरू होंगे जो 20 सितंबर को बंद कर दिए जाएंगे। इस बार कैट लगभग 140 शहरों में आयोजित किया जाएगा। इन शहरों में विभिन्न टेस्ट सेंटर बनाए जाएंगे। अभ्यर्थियों को चार शहरों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार चुनने का विकल्प दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को यह शहर व परीक्षा केंद्र रजिस्ट्रेशन की आखिरी तिथि 20 सितंबर के बाद आवंटित किए जाएंगे। प्रो. द्विवेदी ने सुझाव दिया कि अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद शहर आवंटन के लिए जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है।
हम अपना पूरा प्रयास करेंगे कि अभ्यर्थियों को उनकी प्रथम वरीयता के चयनित शहर परीक्षा के लिए आवंटित किया जाए। अगर ऐसा नहीं हो पाया तो उनके द्वारा दिए गए प्राथमिकता वाले शहरों की सूची के अनुसार आवंटन किया जाएगा।
180 मिनट का होगा पूरा टेस्ट
कैट 180 मिनट का होगा। इसके तीन सेक्शन होंगे। यह वर्बल एबिलिटी एंड रीडिंग कांप्रीहेंशन, डाटा इंटरप्रिटेशन एंड लॉजिकल रीजिनिंग, क्वांटिटेटिव एबिलिटी में बंटा होगा। हर सेक्शन में कुछ सवाल बहुविकल्पीय नहीं होंगे। इसके बदले में अभ्यर्थियों को स्क्रीन पर सीधे उत्तर लिखना होगा। इसके लिए ट्यूटोरियल जारी किया जाएगा। जो अभ्यर्थियों को इसके बारे में विस्तृत जानकारी देगा।
बेसिक कैलकुलेटर का कर सकेंगे प्रयोग
प्रवेश परीक्षा में ऑनस्क्रीन बेसिक कैलकुलेटर प्रयोग करने की अनुमति भी दी जाएगी। अभ्यर्थियों को हर सेक्शन के जवाब देने के लिए 60 मिनट दिए जाएंगे और वे एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन में समय पूरा होने तक स्विच नहीं कर सकेंगे।
इसके अनुसार पहले सेक्शन के लिए आवंटित 60 मिनट पूरे होने के बाद ही दूसरे सेक्शन में आ सकेंगे। इसी तरह फिर 60 मिनट पूरे होने पर तीसरे सेक्शन में आ सकेंगे। इस दौरान अभ्यर्थी लौटकर पहले पूरे हो चुके सेक्शन में नहीं आ सकेंगे।
ट्यूटोरियल 18 अक्तूबर से मिलेगा
आईआईएम लखनऊ के अनुसार कैट की वेबसाइट पर 18 अक्तूबर से टेस्ट का ट्यूटोरियल जारी कर दिया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को टेस्ट का फार्मेट समझने में मदद मिलेगी।
अभ्यर्थियों को आईआईएम ने सुझाव दिया है कि इन ट्यूटोरियल का अभ्यास पूर्व में ही कर लें ताकि उन्हें पेपर देने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
इसके अलावा कैट की वेबसाइट पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों का सेक्शन बनाया गया है जो विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे। वहीं कैट हेल्प डेस्क पर ई-मेल या फोन के जरिए भी अभ्यर्थी जानकारी ले सकेंगे।
2.32 लाख ने कराया था पंजीकरण
पिछले वर्ष प्रवेश परीक्षा में 2,32,434 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस बार इसकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। 2015 की परीक्षा में 2,18,664 अभ्यर्थी रजिस्टर हुए थे।