नोट बंदीः आईडी प्रूफ का हो रहा है इस तरह दुरुपयोग, रहें सावधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
500 और हजार के नोट बदलने के लिए बैंक पहचान पत्र तो ले रहे हैं, लेकिन यह तक नहीं देख रहे कि पहचान पत्र किसका है। ऐसे में आईडी के दुरुपयोग की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
ऐसा ही एक मामला राजधानी में सामने आया है। एक निजी विश्वविद्यालय की रिसर्च स्कॉलर जब बड़े नोट बदलावाने बैंक पहुंचीं तो उन्हें बताया कि पहचान पत्र के रूप में जो पैन-कार्ड की कॉपी वे दे रही हैं, उसका इस्तेमाल पहले ही हो चुका है।
जबकि छात्रा के अनुसार उन्होंने कार्ड का उपयोग ही नहीं किया, छात्रा ने गोमतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। किसी दूसरे के पहचान पत्र का इस्तेमाल करने का यह देश में पहला मामला है।
अमर उजाला से बातचीत में छात्रा पारुल त्रिपाठी ने बताया कि आठ तारीख को जब नोटबंदी की घोषणा हुई, तब वह लखनऊ में नहीं थीं। सोमवार को बैंक में छुट्टी थी, मंगलवार को वह मल्हौर स्थित विजया बैंक पहुंचीं।
यहां करीब पांच घंटे लाइन में इंतजार करने के बाद जब उनका नंबर आया तो बैंक स्टाफ ने बताया कि पहचान पत्र के रूप में उनके द्वारा दिया गया पैन कार्ड कोई और पहले ही उपयोग करके नोट बदलवा चुका है। पारुल हतप्रभ रह गईं।
पहचान पत्रों के मामले में रहे सावधान
उन्हाेंने अपने परिवारीजनों से पूछा, जिन्हाेंने पहचान पत्र उपयोग किए जाने से इन्कार किया। बैंक स्टाफ ने कहा कि उनके सॉफ्टवेयर के अनुसार पारुल के पहचान का पत्र का पहले ही उपयोग चुका है।
उन्हाेंने बैंक से रिक्वेस्ट की क्योंकि उनके पास कैश खत्म हो रहा था, जिस पर मैनेजर ने उन्हें दूसरा पहचान पत्र लाने की छूट दी। वे घर लौटीं, मतदाता पहचानपत्र की फोटो कॉपी लेकर लौटीं और नोट बदलवाए।
गोमतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। पारुल ने कहा कि उनके पहचान पत्र का दुरुपयोग कोई कहीं और भी कर सकता है। वह कई परीक्षाओं में शामिल हुई हैं, जहां पैनकार्ड पहचान पत्र के रूप में दिया था। इसी तरह कई अन्य जगहों पर भी इसका उपयोग हुआ है।
बैंकों और विभिन्न जगहों पर हजारों की संख्या में दिए जा रहे पहचान पत्रों के मामले में सावधान रहने की जरूरत है। खुद पारुल ने कहा कि अब वे कहीं भी पहचान पत्र की फोटो कॉपी देंगी तो उस पर तारीख और कॉपी देने की वजह लिखकर उसे क्रॉस जरूरी करेंगी।