अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी करें सम्मान : फरंगी महली
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के कार्यकारिणी सदस्य एवं ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अपील का कई मस्जिदों में जुमे की नमाज में असर दिखा।
मस्जिदों में अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करने और हर हाल में देश में अमन व भाईचारा कायम रखने की अपील की गई। एेशबाग ईदगाह स्थित जामा मस्जिद में नमाज से पहले मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि अयोध्या मामले पर जल्द ही सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की उम्मीद है।
देश में अमन कायम रखना सभी की जिम्मेदारी
हमें याद रखना होगा कि यह फैसला देश की सबसे बड़ी अदालत का होगा। कोर्ट के फैसले पर केवल देश ही नही बल्कि पूरी दुनियां की निगाह है। फैसला किसी के भी पक्ष में आये, पर देश में अमन कायम रखना किसी एक समुदाय की नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है।
मौलाना ने कहा कि फैसले के बाद न जीत का जश्न मनाया जाए और न ही दूसरे पक्ष के दिल को ठेस पहुंचाई जाए। हमें इस तरह का प्रदर्शन करना चाहिये, जिससे आपसी भाईचारा और एकता को बढ़ावा मिले। मौलाना ने कहा कि देश व समाज में अमन कायम रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
किसी को भी डर और खौफ में रहने की जरूरत नहीं है बल्कि देश के संविधान, कानून और न्यायालय पर पूरा भरोसा कायम रखने की जरूरत है।